Dehradun में डिप्टी कलेक्टरों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल, अपूर्वा सिंह को डोईवाला की जिम्मेदारी
स्वदेशी टाइम्स , देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के तहत जिले के कई डिप्टी कलेक्टरों को नई तैनाती दी गई है। इस फेरबदल में अपूर्वा सिंह को सदर से हटाकर डोईवाला भेजा गया है, जबकि मुकेश रमोला को देहरादून सदर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हर्षिता सिंह बनीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मसूरी
जारी आदेश के मुताबिक, आईएएस अधिकारी हर्षिता सिंह को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मसूरी बनाया गया है। इससे पहले वह देहरादून में न्यायिक कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। वहीं, रविंद्र कुमार जुवांठा को देहरादून ओसी (प्रभारी अधिकारी) के पद से हटाकर चकराता भेजा गया है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
प्रशासनिक फेरबदल के तहत लंबे समय से चकराता में तैनात प्रेमलाल को देहरादून में प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा अभय प्रताप सिंह को विकासनगर और राजकुमार पांडे को ऋषिकेश के डिप्टी कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।
खाली पदों को भरने के लिए किया गया फेरबदल
दरअसल, हाल ही में देहरादून जिले में तैनात कई अधिकारियों का तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद दूसरे जिलों में तबादला किया गया था। इनमें ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मसूरी के साथ ऋषिकेश, डोईवाला और विकासनगर के डिप्टी कलेक्टर भी शामिल थे। इसके चलते जिले में कुछ पद खाली हो गए थे।
अब जिलाधिकारी की ओर से नए आदेश जारी कर इन पदों पर अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। इस बदलाव के बाद जिले की विभिन्न तहसीलों और उप जिलाधिकारी स्तर पर प्रशासनिक कार्यों का नया जिम्मेदारी बंटवारा तय हो गया है।