फिरोजाबाद हादसा: एक्सप्रेसवे पर बस बनी आग का गोला, कई यात्री झुलसे

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, फिरोजाबाद : Agra Lucknow Expressway Accident उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में गुरुवार देर रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। मटसेना थाना क्षेत्र में खंबा नंबर 46 के पास एक स्लीपर बस दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से टकरा गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री झुलस गए।

जानकारी के अनुसार, स्लीपर बस हरियाणा के गुरुग्राम से कानपुर जा रही थी। इसी दौरान बालू से लदा एक ट्रक डिवाइडर से टकराकर सड़क पर खड़ा हो गया। पीछे से आ रही बस ट्रक से भिड़ गई और देखते ही देखते उसमें आग फैल गई।

हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पांडेय के अनुसार, बस चालक स्टेयरिंग में फंस गया था, जिसके कारण वह बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौत हो गई। घायलों को शिकोहाबाद और फिरोजाबाद के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों को आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

घटना के बाद प्रशासन ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। वहीं नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज का आश्वासन दिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *