महिला आरक्षण पर अखिलेश यादव का हमला: “भाजपा चालबाजी कर रही है”
स्वदेशी टाइम्स, नोएडा : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद Akhilesh Yadav ने महिला आरक्षण बिल पर चल रही बहस के दौरान कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, बल्कि इसे जल्दबाजी में लाने के तरीके का विरोध करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी 33% महिला आरक्षण के पक्ष में है और हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम करती रही है।
उन्होंने कहा कि अगर जातीय जनगणना कराई जाएगी, तो देश में विभिन्न वर्ग आरक्षण की मांग करेंगे, और सरकार इससे बचना चाहती है। उनके अनुसार, देश में केवल आरक्षण ही नहीं बल्कि संरक्षण की भी आवश्यकता है।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “नारी को सिर्फ नारा बनाने की कोशिश हो रही है।” उन्होंने सवाल उठाया कि जिन संगठनों में महिलाओं की भागीदारी कम है, वे महिलाओं का सम्मान कैसे सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने यह भी मांग की कि ओबीसी और मुस्लिम महिलाओं को भी आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं की स्थिति अच्छी नहीं है और पूछा कि भाजपा की कितनी महिला मुख्यमंत्री हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाज में बदलाव की शुरुआत महिलाओं से होती है और जब तक महिलाएं राजनीति में सक्रिय भागीदारी नहीं लेंगी, तब तक सामाजिक क्रांति अधूरी रहेगी। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि उत्तर प्रदेश में पंचायत स्तर पर महिलाओं को आरक्षण देने की शुरुआत समाजवादी पार्टी ने की थी।
परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जनगणना के बाद ही यह प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए। उनके मुताबिक, परिसीमन भाजपा की एक राजनीतिक साजिश है, जिससे चुनावी नक्शा बदला जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जातीय जनगणना से बचना चाहती है क्योंकि इसके बाद आरक्षण की मांग बढ़ेगी।
