लखीमपुर खीरी में अंबेडकर प्रतिमा टूटने पर बवाल, आगजनी और पथराव

स्वदेशी समय, लखीमपुर खीरी : लखीमपुर खीरी के बांकेगंज क्षेत्र के मोतीपुर गांव में मंगलवार शाम डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद भारी बवाल हो गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस पर पथराव किया और कई वाहनों में तोड़फोड़ व आगजनी की।

घटना अंबेडकर जयंती के मौके पर हुई, जब गांव में प्रतिमा स्थापना को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान झड़प में प्रतिमा टूट गई, जिससे तनाव और बढ़ गया।

आक्रोशित भीड़ ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निशाना बनाया। सीओ गोला रमेश तिवारी और नायब तहसीलदार की गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर पलट दिया गया, जबकि दो सरकारी वाहनों में आग लगा दी गई। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए।

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि करीब 500 प्रदर्शनकारियों के सामने सीमित पुलिस बल को पीछे हटना पड़ा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती के बाद देर शाम हालात पर काबू पाया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस द्वारा प्रतिमा हटाने और लाठीचार्ज से मामला और भड़क गया, जबकि पुलिस का कहना है कि एक ही जाति के दो गुटों के विवाद में प्रतिमा क्षतिग्रस्त हुई।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, बाजार बंद रहे और लोग घरों में ही रहे। पुलिस ने मामले में दो एफआईआर दर्ज कर करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया है। जांच की जिम्मेदारी एएसपी को सौंपी गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *