युवक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या: कैमरे में कैद हुई चौंकाने वाली घटना, भाई बना रहा था वीडियो

स्वदेशी टाइम्स, नई दिल्ली : दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पवन कुमार (28) ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पवन का भाई वीडियो बना रहा था, उसे नहीं पता था कि वह खुद को ही गोली मार लेगा।

पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में दल्लूपुरा गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस वारदात के समय युवक का भाई मोबाइल पर वीडियो बना रहा था, लेकिन उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसका भाई ऐसा खौफनाक कदम उठा लेगा।

यह घटना दल्लूपुरा गांव में हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवक ने लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल किया, जो उसके चचेरे भाई की बताई जा रही है। वारदात के वक्त मृतक का भाई वीडियो बना रहा था। जब युवक ने खुद को गोली मारी, तो वीडियो बना रहा भाई सकते में आ गया। उसे विश्वास ही नहीं हुआ कि जो वह देख रहा है, वह हकीकत है।

पुलिस के मुताबिक, 16 मार्च को न्यू अशोक नगर पुलिस स्टेशन को धर्मशिला अस्पताल, वसुंधरा एन्क्लेव से युवक को गोली लगने के संबंध में जानकारी मिली। जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मी तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां पवन कुमार नाम के एक व्यक्ति (उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी ग्राम दल्लूपुरा) को बेहोशी की हालत में लाया गया था। उसकी छाती के बाईं ओर गोली लगने का घाव था। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच के दौरान पता चला कि यह घटना दिल्ली के दल्लूपुरा गांव में हुई थी। क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगहों का मुआयना किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया। घटनास्थल पर की गई जांच और शुरुआती पूछताछ से यह बात सामने आई है कि पवन कुमार ने खुद को गोली मारी थी। उसने अपने चचेरे भाई हिमांशु की लाइसेंसी पिस्तौल का इस्तेमाल किया। पुलिस ने लाइसेंसी पिस्तौल और 10 कारतूस जब्त कर लिए हैं। इसके अलावा, हिमांशु का मोबाइल फोन भी पुलिस के कब्जे में है, जिसमें घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद बताई जा रही है।

प्रारंभिक वीडियो फुटेज की जांच से पता चलता है कि पवन कुमार ने खुद को गोली मारी, जबकि उसका चचेरा भाई हिमांशु उस समय मौजूद था और पूरी घटना को रिकॉर्ड कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *