प्रधानमंत्री का कोकराझार दौरा रद्द, गुवाहाटी पहुंचे PM मोदी; परियोजनाओं का करेंगे वर्चुअली उद्घाटन

स्वदेशी टाइम्स, गुवाहाटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर असम के गुवाहाटी पहुंच गए हैं। खराब मौसम के कारण उनका कोकराझार दौरा रद्द हो गया है, अब वे वहां की परियोजनाओं का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को गुवाहाटी पहुंच गए। हालांकि, खराब मौसम की वजह से उनके कार्यक्रम में अचानक बदलाव करना पड़ा है। प्रधानमंत्री का आज कोकराझार जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन अब उसे रद्द कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक इलाके में खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया। अब वे कोकराझार की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन वर्चुअली करेंगे।

असम में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले प्रधानमंत्री का यह दौरा काफी अहम है। पिछले चार महीनों में यह उनकी चौथी असम यात्रा है। इस यात्रा के दौरान वे राज्य में 47,600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम के कोकराझार का कार्यक्रम रद्द होने की वजह से वे ‘असम माला 3.0’ योजना की शुरुआत वर्चुअली करेंगे। इस योजना के तहत 900 किलोमीटर से ज्यादा लंबी सड़कों का निर्माण होगा, जिससे राज्यों के बीच संपर्क बेहतर होगा। साथ ही वे बोडोलैंड क्षेत्र में चार फ्लाईओवर और दो पुलों की आधारशिला भी रखेंगे।

प्रधानमंत्री रेलवे के ढांचे को मजबूत करने के लिए बाशबारी में एक वर्कशॉप की नींव रखेंगे। इसके अलावा, वे तीन नई ट्रेनों- कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। किसानों के लिए भी बड़ी खबर है, यहीं प्रधानमंत्री देश के 9.3 करोड़ से अधिक किसानों के लिए पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे।
गुवाहाटी में प्रधानमंत्री चाय बागान के मजदूरों को जमीन के पट्टे सौंपेंगे, जो उनके अधिकारों के लिए एक बड़ा कदम है। ऊर्जा क्षेत्र में वे कोपिली जलविद्युत परियोजना और उत्तर पूर्व गैस ग्रिड के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। शनिवार को प्रधानमंत्री कामाख्या मंदिर के लिए रोपवे परियोजना की नींव रखेंगे और गुवाहाटी में पीएम एकता मॉल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे सिलचर के लिए रवाना होंगे, जहां वे करीब 23,550 करोड़ रुपये की योजनाओं की शुरुआत करेंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *