SIR प्रक्रिया के चलते उत्तराखंड की मतदाता सूची फ्रीज, नए वोटर पर रोक

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : Uttarakhand Voter List Freeze उत्तराखंड में चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया शुरू होने से पहले मतदाता सूची को अस्थायी रूप से फ्रीज कर दिया है। अब 15 सितंबर तक न तो नए वोटर जोड़े जा सकेंगे और न ही किसी नाम को हटाया या संशोधित किया जा सकेगा।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, राज्य में SIR अभियान 29 मई से शुरू होगा। इससे पहले प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरे किए जा चुके हैं, जबकि जिला स्तर पर प्रशिक्षण सात जून तक जारी रहेंगे। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और गणना प्रपत्र भरवाएंगे।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि SIR प्रक्रिया पूरी होने तक मतदाता सूची “रीड ओनली मोड” में रहेगी। यानी ऑनलाइन पोर्टल, वोटर हेल्पलाइन ऐप या NVSP के जरिए किए गए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई नहीं होगी।

इन सेवाओं पर रहेगा असर

  • नए वोटर का नाम सूची में तुरंत नहीं जुड़ पाएगा
  • नाम कटवाने और संशोधन की प्रक्रिया रुकी रहेगी
  • नए वोटर आईडी कार्ड की प्रिंटिंग और डिलीवरी अस्थायी रूप से बंद रहेगी
  • विधानसभा क्षेत्र या पते में बदलाव की प्रक्रिया भी प्रभावित रहेगी
  • बीएलओ और ईआरओ सामान्य तरीके से आवेदन निपटारा नहीं कर पाएंगे

हालांकि, चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन प्रक्रिया जारी रहेगी और सभी लंबित आवेदनों पर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद कार्रवाई शुरू की जाएगी। अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को जारी होने की संभावना है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *