UP: फीस वसूली के दबाव में छात्र की मौत, वीडियो में सुनाई पूरी कहानी

स्वदेशी टाइम्स, मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के डीएबी डिग्री कॉलेज में फीस को लेकर प्रताड़ित किए जाने पर आत्मदाह करने वाले छात्र उज्ज्वल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने कॉलेज प्रबंधक और दरोगा समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना के डीएबी डिग्री कॉलेज में फीस को लेकर प्रताड़ित किए जाने पर आत्मदाह करने वाले छात्र उज्ज्वल राणा (20) ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। आक्रोशित लोगों द्वारा हंगामा-प्रदर्शन करने पर पुलिस-प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा।

कॉलेज के प्रबंधक, प्राचार्य, पीटीआई के अलावा दरोगा और दो सिपाहियों के खिलाफ धमकी और गाली-गलौज की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा को बुलाकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के आदेश दिए।

मूल रूप से बागपत के भड़ल गांव का रहने वाला उज्ज्वल राणा अपने परिवार के साथ कस्बे के मोहल्ला खाकरोबान में रह रहा था। बीए द्वितीय वर्ष के छात्र उज्ज्वल ने आत्मदाह करने से पहले वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि प्राचार्य प्रदीप कुमार ने फीस जमा करने को लेकर उसके बाल खींचे और पिटाई भी की।

कोतवाली में धरने पर बैठे भाकियू के पदाधिकारी
इतना ही नहीं पुलिसकर्मियों को बुलाकर प्रताड़ित किया। रविवार को जनपद जाट महासभा के अध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने कार्यकर्ताओं के साथ कॉलेज के सामने हंगामा किया। भाकियू के पदाधिकारी भी कोतवाली में धरने पर बैठ गए। 

तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया
दोपहर को विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी कोतवाली पहुंचे। उज्ज्वल की मौत के बाद उसकी बहन सलोनी की ओर से दोबारा तहरीर दी गई। कॉलेज प्रबंधक अरविंद कुमार गर्ग, प्राचार्य प्रदीप कुमार, पीटीआई संजीव कुमार, दरोगा नंद किशोर, सिपाही ज्ञानवीर और विनीत कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया।

आखिरी सांस तक उत्पीड़न की दास्तां बयां करता रहा
उज्ज्वल घटनाक्रम से पहले और इसके बाद के कई वीडियो वायरल हुए हैं। अस्पताल में उपचार के लिए ले जाने के दौरान का वीडियो भी सामने आया है। इसके अलावा अस्पताल के वीडियो में भी वह अपने साथ हुए घटनाक्रम की जानकारी देता नजर आया।
DAV Degree College Muzaffarnagar student Ujjwal dies, report filed against six including manager and inspector
छात्र ने पहला वीडियो छह नवंबर को कॉलेज के सामने बनाया था, जिसमें फीस का दबाव दिए जाने का आरोप लगाया गया। रविवार को दो नए वीडियो सामने आए हैं, जिनमें छात्र उपचार के दौरान भी उत्पीड़न के मामले को बयां कर रहा है।
DAV Degree College Muzaffarnagar student Ujjwal dies, report filed against six including manager and inspector
एक वीडियो उस समय का है, जब उसे एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था। इसमें उसके चेहरे से बार-बार उपकरण हटाकर भी कुछ साथी बात करने की कोशिश कर रहे हैं।
DAV Degree College Muzaffarnagar student Ujjwal dies, report filed against six including manager and inspector

यह था पूरा मामला
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना के डीएवी कॉलेज में बागपत जिले के भड़ल निवासी बीए द्वितीय वर्ष के छात्र उज्ज्वल राणा को पांच हजार रुपये की फीस के लिए प्राचार्य ने पीटा। इसके बाद पुलिस ने उसके साथ अभद्रता की। इससे क्षुब्ध हुए छात्र ने कॉलेज की कक्षा में ही पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। गंभीर हालत में दिल्ली ले जाया गया। इससे नाराज छात्रों ने कॉलेज के गेट पर हंगामा किया। मेरठ के सरधना निवासी प्राचार्य प्रदीप कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

उज्ज्वल ने आग लगाने से पहले वीडियो में लगाए आरोप
बुढ़ाना के मोहल्ला खाकरोबान में परिवार के साथ रह रहे उज्ज्वल ने आग लगाने से पहले जारी वीडियो में आरोप लगाया कि सात नवंबर को प्राचार्य प्रदीप कुमार ने अपने ऑफिस बुलवाया और यूनिवर्सिटी फीस के नाम पर पांच हजार रुपये जमा करने की बात कही।

उसने प्राचार्य को बताया कि वह परीक्षा शुल्क विश्वविद्यालय में ऑनलाइन जमा कर चुका है। एक सप्ताह में गन्ने का भुगतान मिलने पर कॉलेज की फीस भी जमा करा देगा। इसपर प्राचार्य ने पहले अपने दफ्तर में गाली गलौज करते हुए पीटा और उसके बाद कॉलेज के गेट पर लाकर उसकी पिटाई की।

मुख्यमंत्री, एसडीएम और पुलिस से शिकायत की। कॉलेज पहुंची पुलिस ने भी उसके साथ बदसलूकी की। अगले दिन शनिवार को छात्र उज्ज्वल कॉलेज पहुंचा और सुबह करीब 11 बजे अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।

साथी छात्रों ने किसी तरह आग बुझाई और करीब 80 फीसदी जले छात्र को सीएचसी से गंभीर हालत में पहले मेरठ फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर डीएम और एसएसपी भी पहुंच गए।
बाल नोंचे, गाली दी और पीटा
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में छात्र उज्ज्वल राणा ने वायरल वीडियो में कहा कि मेरे साथ ऐसी घटना हुई, जिसने मुझे तोड़कर रख दिया। प्राचार्य प्रदीप कुमार ने मेरे साथ अपमानजनक व्यवहार किया। मुझे गाली दी, मेरे बाल नोंचे और मेरी पिटाई की। मैंने सिर्फ गरीब और असहाय छात्र, जो फीस नहीं होने के कारण परीक्षा फार्म जमा नहीं कर पा रहे थे, उनकी मदद करने के लिए आवाज उठाई थी।
इसकी सजा अपमान कर और डरा-धमकाकर दी गई। न्याय की बात की तो कॉलेज में पुलिस बुला ली गई। पुलिसकर्मी धर्मवीर, नंद किशोर और विनीत, जिनसे मुझे मदद की उम्मीद थी, उन्होंने भी मुझे गालियां दी। मुझे डराने-धमकाने की कोशिश की। इन सबके शब्दों ने मेरी आत्मा को गहरी ठेस पहुंचाई है।
मुझे तोड़ दिया। ईमानदारी और कानून के प्रति सच्चाई की कड़ी टूट गई है। मैं खुद से ही सवाल पूछने लगा हूं कि क्या सच्चाई के लिए आवाज उठाना गलत है। में दर्द से गुजर रहा हूं लेकिन डरूंगा नहीं। यदि में आत्महत्या करता हूं तो इसका दोष प्राचार्य, पुलिसकर्मी नंद किशोर, धर्मवीर और विनीत पर होगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *