UP: बेटे को जहर देकर महिला ने की आत्महत्या, 8 माह पहले पति ने भी की थी आत्महत्या
स्वदेशी टाइम्स, बिजनौर: मोहंडिया गांव में लक्ष्मी और उसका बेटा वासु घर में तड़पते हुए मिले। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महिला की मौत हो गई, जबकि बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मंडावर थाना क्षेत्र के मोहंडिया गांव में रविवार को लक्ष्मी (25) पत्नी मोनू ने अपने बेटे वासु (7) को जहरीला पदार्थ दे दिया। इसके बाद खुद भी निगल लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां लक्ष्मी की मौत हो गई। बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया गया कि लक्ष्मी के पति ने करीब आठ महीने पहले परिवार के विवाद के चलते ज़हर खा लिया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। तभी से लक्ष्मी डिप्रेशन में चल रही थी। फिलहाल वह अपने सास-ससुर और तीन बच्चों के साथ घर में रह रही थी।
