काकोरी कांड: बुजुर्ग के अपमान पर बवाल, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

स्वदेशी टाइम्स, लखनऊ: काकोरी के एक मंदिर में बुजुर्ग से गंदगी चटवाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित से मुलाकात की।

लखनऊ के काकोरी नगर पंचायत के शीतला देवी मंदिर के परिसर में दलित बुजुर्ग से जबरन गंदगी चटवाने का आरोप है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और प्रतिनिधिमंडल को बुधवार सुबह बुजुर्ग से मुलाकात करने के लिए भेजा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर, मलिहाबाद विधायक जय देवी और मोहनलालगंज विधायक अमरीश रावत सहित कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने बुजुर्ग हालचाल लिया और मदद का भरोसा दिलाया।

बुजुर्ग रामपाल ने बताया कि वह शीतला देवी मंदिर में गया था और सांस का रोगी है। ऐसे में खासी आने पर उसने पेशाब कर दी। इस पर वहां मौजूद पम्मू नाम के व्यक्ति ने उन्हें डराकर पेशाब चटवाई। रामपाल ने वो दवाएं भी दिखाई जो वो खाते हैं।

रामपाल से मुलाकात में पूर्व मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि जो भी हुआ गलत हुआ है। आरोपी को सजा मिलेगी उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हम हमेशा ही अन्याय के खिलाफ खड़े हैं। मामले में न्याय होगा। ऐसा व्यवहार किसी के साथ भी नहीं होना चाहिए।

वहीं, सपा सांसद आरके चौधरी और भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष अजय गौतम समेत कई सामाजिक संगठन के लोग भी पीड़ित रामपाल के घर पहुंचे। उन्होंने रामपाल और उनके परिवार से मुलाकात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *