बरेली बवाल: सपा पार्षद की संपत्ति पर चला बुलडोजर, चार्जिंग स्टेशन ध्वस्त

स्वदेशी टाइम्स, बरेली: बरेली बवाल के मामले में मंगलवार को बीडीए और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। शहर के बानखाना में सपा पार्षद उमान रजा के अवैध चार्जिंग स्टेशन को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। उधर, नरियावल में मौलाना तौकीर के करीबी शराफत का बरातघर सील किया गया है।

बरेली में बवाल की साजिश रचने के आरोपी मौलाना तौकीर रजा के करीबियों और रिश्तेदारों पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मंगलवार को प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बानखाना मोहल्ले में बड़ी कार्रवाई की। यहां सपा पार्षद ओमान रजा के अवैध चार्जिंग स्टेशन को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। बताया गया कि नाले पर बाउंड्रीवाल बनाकर अवैध तरीके से चार्जिंग स्टेशन बनाया गया था। बुलडोजर से बाउंड्री वाल को तोड़ दिया गया। पार्षद उमान का एक और चार्जिंग स्टेशन विद्युत चोरी से संचालित होता पाया गया। इस पर भी कार्रवाई की गई है।

तौकीर रजा का रिश्तेदार हिरासत में 
मौलाना तौकीर रजा के रिश्तेदार मोहसिन रजा खान और उसके भाई को हिरासत में लिया गया है। मोहसिन रजा मननानी मियां का दामाद है। मोहसिन के घर पर कार्रवाई करने के लिए बीडीए और नगर निगम की टीम पहुंची थी। इस दौरान मोहसिन रजा की अफसरों से तीखी नोकझोंक हो गई। मोहसिन ने आंवला भाजपा जिलाध्यक्ष पर आरोप लगाया और कहा कि यह मामला सिर्फ राजनीतिक है। वह 2005 में आईएमसी छोड़ चुके हैं। तौकीर रजा से कोई वास्ता भी नहीं है।

तौकीर से कोई वास्ता नहीं- मोहसिन 
मोहसिन ने कहा कि तौकीर रजा से उसका कोई वास्ता नहीं है। यह सब भाजपा आंवला जिलाध्यक्ष के कहने पर हो रहा है। उन्होंने पहले भी उन पर गोकशी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मोहसिन के पिता ने कोर्ट का स्टे ऑर्डर दिखाया तो टीम ने कार्रवाई रोकी। वहीं मोहसिन रजा और उसके भाई को हिरासत में ले लिया गया है। मोहसिन रजा के घर के सामने ही नाले पर अवैध चार्जिंग स्टेशन पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।

Bulldozer action on illegal charging station and wedding hall sealed in Bareilly

                                                              नरियावल में शराफत का बरातघर सील

तौकीर के करीबी शराफत का बरातघर सील 
बीडीए की टीम ने शाहजहांपुर रोड स्थित नरियावल में हमसफर बरातघर को सील कर दिया है। ये बरातघर शराफत का है, जो शहर के सूफीटोला का निवासी है और मौलाना तौकीर रजा का बेहद करीबी बताया जाता है। बीडीए की टीम मंगलवार को भारी पुलिस बल के साथ हमसफर बरातघर पहुंची और सीलिंग की कार्रवाई की। टीम ने नोटिस चस्पा किया है, जिसके मुताबिक अवैध तरीके से निर्माण करने पर यह कार्रवाई की गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *