UP: बालक की हत्या कर शव को फंदे से लटका, आक्रोशित परिजनों ने चौकी पर किया हंगामा
स्वदेशी टाइम्स, सुल्तानपुर: सुल्तानपुर में 12 वर्षीय बालक की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। पांच दिन बाद भी कोई कार्रवाई न होने से आक्रोशित परिजनों ने चौकी का घेराव करके हंगामा किया।
यूपी के सुल्तानपुर में 12 वर्षीय किशन की मौत के मामले में शनिवार को परिजनों ने चौकी का घेराव करके हंगामा किया। बच्चे की गला दबाकर हत्या की गई थी, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। मामले में पांच दिन बाद भी पुलिस ने मुकदमा तक दर्ज करना उचित नहीं समझा। घटना गोसाईगंज थाना क्षेत्र के सरवन गांव की है।
बीते सोमवार की सुबह गांव में सहजराम के घर के अंदर उनके बेटे किशन का शव बल्ली के सहारे रस्सी से लटकता मिला था। सहजराम ने कहा कि बेटे की हत्या की गई है। वह रामरति इंटर कॉलेज में कक्षा 7 में पढ़ता था। उसकी मां की पहले ही मौत हो चुकी है। बेटी आशा की शादी हो चुकी है। पत्नी की मौत के बाद सहजराम ने नीतू से दूसरी शादी कर ली थी। उसको पहले से एक बेटी है। इसके बाद नीतू को कोई औलाद नहीं हुई।
