ट्यूबवेल के बंद होने के कारण जगदंबा नगर पेयजल संकट, लोग परेशान

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, हल्द्वानी:  शहर के जगदंबा नगर क्षेत्र में स्थित मुख्य ट्यूबवेल चार महीने के भीतर एक बार फिर खराब हो गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्यूबवेल के बंद होने के कारण इलाके में पेयजल संकट गहरा गया है, जिससे एक हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। शनिवार सुबह से ही लोग पानी के टैंकरों के पास लाइन में खड़े दिखाई दिए। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को पीने के पानी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

क्षेत्र के लोग इस बार समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। स्थानीय निवासी राजेश कुमार का कहना है, कुछ महीने के बाद अचानक ट्यूबवेल खराब हो जाता है। पूर्व में भी इसी ट्यूबवेल के कारण क्षेत्र में जल संकट पैदा हुआ था, जिसे मरम्मत कर अस्थायी रूप से ठीक किया गया था, लेकिन अब फिर वही स्थिति बन गई है। जल संस्थान के ईई आरस लोशाली का कहना है कि मरम्मत कार्य किया जा रहा है, जल्द ही ट्यूबवेल ठीक कर पानी की आपूर्ति सुचारू की जाएगी। इस क्षेत्र में नियमित रूप से टैंकर भेजे जा रहे है। वहीं, स्थानीय पार्षद रवि वाल्मिकी ने जल संस्थान के अधिकारियों से  स्थायी समाधान करने की मांग की है।

तीन टैंकर कर रहे पानी की आपूर्ति 
जल संस्थान ने यहां तीन टैंकर लगाए हैं, जो सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक पानी के 5 से 6 चक्कर लगा रहे हैं। इसके बावजूद पानी की मांग को पूरा करना चुनौती बनी हुई है। जल संस्थान के सहायक अभियंता रविन्द्र कुमार ने बताया कि ट्यूबवेल में नई मोटर लगाई जाएगी, जिससे पानी की समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा मरम्मत कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा और जल आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *