धोबा नदी में स्नान करने के दौरान 6 युवक डूबे , एक का शव बरामद, तीन अन्य लापता
स्वदेशी टाइम्स, पटना: बिहार के पटना जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां धोबा नदी में स्नान करने के दौरान 6 युवक डूब गए। इनमें से 2 लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। वहीं चार युवक गहरे पानी में चले गए, जिनमें एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि तीन अन्य लापता हैं। वहीं लापता हुए युवकों की खोज जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र की है। घटना के संबंध मं बताया जा रहा है कि टीका बीघा गांव के छह युवक धोबा नदी में स्नान कर रहे थे। इस दौरान सभी गहरे पानी में चले गए। इस घटना में दो लोग तैरकर बाहर आ गए जबकि चार अन्य डूब गए। सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर कैंप कर रहे हैं।
स्थानीय गोताखोर और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने डूबे लोगों की तलाश शुरू की। एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
