Punjab में कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी; रेलवे ने दिए जांच के आदेश
स्वदेशी टाइम्स , राजपुरा : पंजाब के राजपुरा में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में अचानक आग लग गई। घटना सराय बंजारा स्टेशन के पास हुई। आग की सूचना मिलते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग डरकर ट्रेन से बाहर निकल आए।
ट्रेन से उठता दिखा धुएं का गुबार
घटना के सामने आए वीडियो में ट्रेन के डिब्बों से दूर-दूर तक धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है। यात्री अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरकर बाहर खड़े नजर आए। बताया जा रहा है कि जब ट्रेन राजपुरा पहुंची, उसी दौरान आग लगने की घटना हुई। हालांकि, फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
समय पर काम आया सेफ्टी सिस्टम, ट्रेन को रोका गया
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि अंबाला डिवीजन के सराय बंजारा स्टेशन के पास अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगने की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि रेलवे के सेफ्टी सिस्टम ने समय पर काम किया, जिसके चलते ट्रेन को रोक दिया गया। मौके पर आग बुझाने का काम किया जा रहा है और सभी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं
सीपीआरओ के मुताबिक, इस घटना में किसी यात्री के घायल होने, किसी अन्य तरह के नुकसान या किसी की जान जाने की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। वहीं, रेलवे ने कोच में आग लगने की घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में आग लगने के सभी संभावित पहलुओं को शामिल किया जाएगा। फिलहाल आग लगने की असल वजह सामने नहीं आई है।