पति ने पत्नी पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, महिला ने भी किया ऐसा काम- उलटा आरोपित झुलस गया
स्वदेशीटाइम्स,कन्नौज: जिले के गिंगटाह गांव में हैरान करने वाली वारदात सामने आई। विवाद के चलते पति ने पेट्रोल डालकर पत्नी के शरीर में आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी पत्नी ने दौड़कर पति को पकड़ लिया। इससे आग की लपटों से पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए मामले की जांच शुरू की। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे सदर कोतवाली के मानीमऊ चौकी क्षेत्र के गिंगटाह गांव निवासी 27 वर्षीय सुनीता देवी का 30 वर्षीय पति रोहित के साथ विवाद हो गया।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सुनीता देवी और रोहित के आग से झुलसने की सूचना दी। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां सुनीता ने बताया कि गलत आदतों में पड़कर पति ने जमीन की बिक्री कर दी। इसका विरोध करने पर पति उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी।
आग की लपटों से घिरने के बाद उसने पति को पकड़ लिया। इससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं रोहित ने बताया कि पत्नी ने स्वयं आग लगाई। उसे बचाने के प्रयास में वह भी झुलस गया। कोतवाली प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि दंपती की शादी के सात साल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है। एक-दूसरे पर यह लोग जिंदा जलाकर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
