निर्मम हत्या से सनसनी: सो रहे मजदूर को बांधकर गला काटा, परिवार बगल में सोता रहा

स्वदेशी टाइम्स, अमरोहा : पिपलोती कलां गांव में शनिवार रात मजदूर मेहराज की गला रेतकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने हाथ-पैर बांधकर वारदात को अंजाम दिया। पत्नी बेहोश मिली, पुलिस जांच में जुटी है।

यूपी के अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के पिपलोती कलां गांव में शनिवार रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। घर के टिनशेड में सो रहे मजदूर मेहराज उर्फ मिराज (35) की अज्ञात हमलावरों ने हाथ-पैर बांधकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के समय उनकी पत्नी रूही और बच्चे भी पास ही सो रहे थे। सुबह पत्नी बेहोशी की हालत में मिली, जबकि बच्चों को कोई चोट नहीं आई। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।

ग्रामीणों के मुताबिक मेहराज शनिवार रात अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर के टिनशेड में अलग-अलग चारपाइयों पर सोए थे। रविवार सुबह जब उनके पिता मौबीन पहुंचे तो मेहराज को खून से लथपथ पड़ा देखा। पास जाकर देखा तो उसके हाथ-पैर बंधे थे और गर्दन पर गहरे घाव थे। यह देख परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं बेहोश पत्नी रूही को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। होश में आई पत्नी भी कुछ बताने को तैयार नहीं है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

परिजनों के मुताबिक, मृतक मेहराज दिल्ली में रहकर बेलदारी का काम करता था और चार दिन पहले ही गांव लौटा था। उसके दो छोटे बच्चे हैं। अचानक हुई इस वारदात से गांव में दहशत का माहौल है। सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *