तेज रफ्तार ट्रक ने मां-बेटे को मारी टक्कर, मौके पर ही मां ने तोड़ा दम, तड़पता रहा बेटा
स्वदेशी टाइम्स, बहराइच : तेज रफ्तार ट्रक ने जब टक्कर मारी तो महिला बाइक के साथ खड़ी थी और बेटा व भतीजी बाइक पर बैठे थे। टक्कर के बाद महिला ट्रक के पहिए के नीचे रौंदते हुए दूर तक घिसट गई। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि शिवा ने मेडिकल कालेज में दम तोड़ा।
बहराइच-नानपारा मार्ग पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने मां-बेटे को रौंद दिया। मौके पर ही मां ने दम तोड़ दिया जबकि तड़प रहे बेटे की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। ट्रक एटा जिले से आलू की खेप लेकर बिहार जा रहा था।
हरदी थाना के महसी गांव निवासी सोनू की ननिहाल मटेरा बाजार में हैं। नाना चतुरी की तबियत काफी दिनों से खराब चल रही थी। मंगलवार को सोनू अपनी पत्नी व बेटे के साथ मटेरा बाजार नाना के घर आया था। नाना का हालचाल लेने के बाद बुधवार सुबह सोनू अपनी पत्नी मंगला (23), पुत्र शिवा (02) और भतीजी के साथ बाइक से वापस महसी लौट रहा था। बाइक सवार सभी लोग जब बहराइच-नानपारा मार्ग पर मटेरा चौराहा पर पहुंचे तभी सोनू चौराहे पर सड़क किनारे बाइक रोक कर पान खाने लगा।
