संदेशखाली को लेकर ममता पर बरसे पीएम, बोले- गुनहगारों को सजा दिलाना मोदी की गारंटी

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, कोलकाता: बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं पर हुए अत्याचार को लेकर आज पीएम मोदी ने ममता सरकार पर हमला बोला है। बंगाल के कूच बिहार में अपनी पहली रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि बंगाल में बीजेपी ही माताओं-बहनों पर होने वाले अत्याचार को रोक सकती है।

TMC सरकार संदेशखाली के गुनहगारों के साथ

पीएम ने आगे कहा कि बंगाल समेत पूरे देश ने देखा है कि कैसे TMC सरकार ने संदेशखाली के गुनहगारों को बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी थी। उन्होंने कहा कि संदेशखाली की महिलाओं के साथ जो हुआ, वो TMC के अत्याचार की पराकाष्ठा है।

दुनिया बोल रही… मोदी कड़े और बड़े फैसले लेने वाला नेता

रैली में पीएम ने कहा कि आजादी के बाद हमारे देश में सात दशक तक लोगों ने केंद्र सरकार में सिर्फ कांग्रेस का मॉडल देखा। अब पहली बार देश ने बीते 10 साल में पूर्ण बहुमत वाली बीजेपी सरकार का विकास मॉडल देखा है।आज दुनिया कहती है कि मोदी मजबूत नेता है, मोदी कड़े और बड़े फैसले लेने वाला नेता है।

 ममता को इस कारण दिया धन्यवाद

पीएम ने इस बीच ममता बनर्जी पर कटाक्ष भी किया। पीएम ने कहा,

मैं ममता दीदी को धन्यवाद देना चाहता हूं क्योंकि 2019 में जब मैं यहां आया तो उन्होंने मेरी रैली में बाधा उत्पन्न की। मैंने उनसे कहा था कि जनता मेरा बदला लेगी, लेकिन आज उन्होंने ऐसा कुछ करने की कोशिश नहीं की और मुझे आप लोगों से मिलने दिया। मैं आज कोई परेशानी पैदा नहीं करने के लिए बंगाल सरकार को धन्यवाद देता हूं।

10 साल में जो विकास हुआ वह बस ट्रेलर

उत्तर बंगाल के कूचबिहार के रासमेलार मैदान में सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बांग्ला में कहा कि आमी बोली भ्रष्टाचार हाटाओ, ओरा बोले भ्रष्टाचारी बाचाओ (मैं कहता हूं भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं भ्रष्टाचारी बचाओ)।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 साल में जो विकास हुआ वह बस ट्रेलर है। अभी तो मुझे बहुत काम करना है। हिंदुस्तान के हर इलाके में विकास हुआ। हर परिवार तक उसका लाभ पहुंचा।

पीएम ने कहा कि बंगाल के लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा, क्योंकि मोदी ने इसकी गारंटी दी थी। यहां के 40 लाख लोगों को पक्का मकान मिला, क्योंकि यह मोदी की गारंटी थी। दस साल में जो विकास हुआ, उसकी लंबी लिस्ट है। मेरे विरोधी कहते हैं कि मोदी का कोई परिवार नहीं है। अरे, मोदी के लिए तो मेरा भारत मेरा परिवार है। आप मुझे बताइए कि आप मेरा परिवार हैं कि नहीं। मोदी ने बांग्ला में कहा कि आमार भारत आमार परिवार।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *