गौहरगंज दुष्कर्म मामला: मासूम से दरिंदगी का आरोपी सलमान भोपाल से गिरफ्तार

स्वदेशी टाइम्स, भोपाल: छह साल की मासूम से दरिंदगी करने वाले आरोपी सलमान को गुरुवार देररात पुलिस ने भोपाल के गांधी नगर से हिरासत में लेकर रायसेन पुलिस को सौंप दिया।

रायसेन के गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाले फरार आरोपी सलमान को गुरुवार देररात पुलिस ने गांधी नगर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हिंदू संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। गांधी नगर पुलिस ने आरोपी को रात में ही गौहरगंज पुलिस को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह जंगल के रास्ते भोपाल पहुंचा और गांधी नगर आया। आरोपी गांधी नगर के वार्ड-11 में किराए का कमरा ढूंढ रहा था, उसी इलाके से पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना के बाद हिंदू संगठन के कुछ लोग गांधी नगर थाने भी पहुंचे, लेकिन उससे पहले रायसेन जिले की पुलिस उसे गौहरगंज के लिए लेकर निकल गई। इस बीच औबेदुल्लागंज के पास आरोपी ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद उसका शार्ट एनकाउंटर किया गया। उसका जेपी अस्पताल में इलाज किया गया।

बता दें 21 नवंबर को छह साल की मासूम को 23 साल का सलमान चाकलेट दिलाने के बहाने जंगल में लेकर गया और दुष्कर्म करके फरार हो गया। बच्ची रोते हुए परिजनों को मिली थी। बच्ची को स्थानीय लोगों की मदद से भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया। यहां बच्ची की स्थिति में अभी सुधार है। घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस ने आरोपी सलमान पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर रायसेन में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे थे।

इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी और मामले में लापरवाही पर नाराजगी जताई थी। सीएम ने रायसेन एसपी पंकज कुमार पांडे को हटा कर मुख्यालय में अटैच कर दिया था। रायसेन जिले का नया पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता को बनाया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *