“सम्मान सहित विदा करेंगे” – अखिलेश यादव का बड़ा बयान, मोदी सरकार पर निशाना

स्वदेशी टाइम्स, लखनऊ : सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीएम मोदी के बयान पर पलटवार किया है। पीएम मोदी ने जेवर एयरपोर्ट का उद्धाटन करते हुए प्रदेश की पूर्ववर्ती सपा सरकार पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने नोएडा को लूट का एटीएम बना लिया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नोएडा में जेवर एयरपोर्ट का उद्धाटन किया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश की पूर्ववर्ती सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपी में देश के सबसे ज्यादा एयरपोर्ट हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में नोएडा प्रदेश के विकास का इंजन बन गया है जबकि सपा सरकार ने इसे लूट का एटीएम बना रखा था।इस पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने एक्स पर बयान दिया कि हमारे प्रदेश में मेहमान बनकर आए हैं, हम उनको मेहमान मानकर ही सम्मान सहित विदा करेंगे। जाने वालों की बात का बुरा नहीं माना जाता है। जब हार साक्षात् दिखने लगती है तो इंसान को न अपने पद का मान रहता है, न ही अपने कथन पर नियंत्रण। उम्र और पद का मान करना हमारे संस्कार में है और हमेशा रहेगा। सादर विदाई!

पीएम बोले- जब मैं यहां आया तो डर के कारण नहीं आए थे मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे। मुझे याद है, जब यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया, तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वे उस कार्यक्रम में नहीं आए। मुझे भी डराने की कोशिश की गई, कहा गया, “नोएडा मत जाइए, मोदी जी, अभी-अभी प्रधानमंत्री बने हैं।” मैंने कहा, “मैं उस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं, जो मुझे लंबे अरसे तक सेवा करने का मौका देगी। ” आज वही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है। यह पूरा क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त कर रहा है।