UP: व्यापारी धरने पर, महिलाओं ने भाजपा नेताओं को लगाई फटकार |
स्वदेशी टाइम्स, मेरठ: मेरठ के सेंट्रल मार्केट 661/6 कॉम्प्लेक्स के ध्वस्तीकरण से प्रभावित व्यापारी अनदेखी से नाराज़ हैं। महिलाओं ने धरना स्थल पर जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा और वादाखिलाफी के आरोप लगाए।
मेरठ के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट के 661/6 कॉम्प्लेक्स के 22 व्यापारी ध्वस्तीकरण के बाद अब पूरी तरह परेशान हैं। उनका कहना है कि पांच दिन बीत जाने के बावजूद उन्हें न किसी ने सांत्वना दी और न ही राहत देने की बात की। गुरुवार को व्यापारियों ने बैठक की और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा पर कड़ा रोष जताया। धरने पर महिलाएं भी पहुंची थी। वहीं दोपहर को जब भाजपा नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने धरनास्थल पहुंचकर पीड़ितों का हाल जानना चाहा तो महिलाएं बिफर गईं।
महिलाओं ने अपनी पीड़ा बताते हुए भाजपा नेताओं को खूब खरी खोटी सुनाई। कहा कि आपका सब कुछ खत्म हो गया है, हम आज सड़क पर खड़े हैं। हमने कहां कहां हाथ नहीं जोड़े, किससे मदद नहीं मांगी लेकिन तब कोई पूछने नहीं आया।