Badrinath Helipad यूकाडा का करोड़ों का चेक रहस्यमय तरीके से लापता, जांच में जुटा विभाग
स्वदेशी टाइम्स, चमोली : Badrinath Helipad बदरीनाथ धाम में चल रहे हेलिपैड विस्तार कार्य से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है। Uttarakhand Civil Aviation Development Authority (यूकाडा) द्वारा भेजा गया 1.4 करोड़ रुपये का चेक रहस्यमय तरीके से गायब हो गया है। मामला सामने आने के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, हेलिपैड विस्तार कार्य के लिए यूकाडा ने प्रथम किस्त के रूप में यह चेक रजिस्ट्री डाक के जरिए ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्ल्यूडी) गोपेश्वर कार्यालय भेजा था। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार 6 अप्रैल को चेक रिसीव भी कर लिया गया, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रजिस्ट्री किस अधिकारी या कर्मचारी ने प्राप्त की।
जब आरडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अला दीया ने निर्माण कार्य के लिए धनराशि जारी करने का अनुरोध किया, तब यूकाडा अधिकारियों ने बताया कि भुगतान पहले ही भेजा जा चुका है। इसके बाद विभाग में जांच शुरू हुई और सभी कर्मचारियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी रजिस्ट्री लेने की बात स्वीकार नहीं की।
विभाग ने हस्ताक्षरों का मिलान भी कराया, लेकिन डाक विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज हस्ताक्षर किसी कर्मचारी से मेल नहीं खा सके।
बताया जा रहा है कि बदरीनाथ में 20 अप्रैल से हेलिपैड विस्तार का कार्य जारी है। परियोजना के तहत हेलिपैड को एमआई- 17 हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के अनुरूप 30 मीटर से बढ़ाकर 45 मीटर किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, एचडीएफसी बैंक से चेक नंबर की जांच कराई गई है और फिलहाल रकम निकाले जाने की पुष्टि नहीं हुई है। बैंक को चेक निरस्त करने के लिए पत्र भेजा गया है, जबकि यूकाडा से दूसरा चेक जारी करने का अनुरोध किया गया है।
