Basant Vihar में घर-घर धर्म प्रचार के बीच धर्मांतरण के आरोप, पुलिस ने शुरू की गहन जांच
ख़बर रफ़्तार, ऋषिकेश : Basant Vihar उत्तराखंड के बसंत विहार थाना क्षेत्र में धर्म प्रचार और कथित रूप से प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोपों का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय लोगों और एक संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, कांवली माड़ी क्षेत्र में दो महिलाओं—सीतापुरी (बनियावाला निवासी) और सुमित्रा (कांवली गांव निवासी)—पर घर-घर जाकर ईसाई धर्म का प्रचार करने और लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने के आरोप लगाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गतिविधि की सूचना दीपक कुमार ने संगठन के कार्यकर्ता इंद्रजीत को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर लोगों ने स्थिति की जानकारी ली। आरोप है कि महिलाएं वहां मौजूद लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के फायदे बता रही थीं।
घटना की सूचना 112 पर पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों महिलाएं वहां से जा चुकी थीं। बाद में पुलिस ने विकास मॉल क्षेत्र से दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर बसंत विहार थाने लाया।
शिकायतकर्ता कुलदीप स्वेडिया (वीर सावरकर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष) ने मांग की है कि दोनों के खिलाफ उत्तराखंड धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
थाना प्रभारी शेंकी कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
