कानपुर में किडनी रैकेट का पर्दाफाश, 43 लाख की डील के बाद मुकर गए आरोपी

स्वदेशी टाइम्स, कानपुर : किडनी कांड में पंजाब के मनजिंदर से आहूजा हॉस्पिटल संचालकों ने 43 लाख रुपये ठगे। ट्रांसप्लांट नहीं हुआ। गाजियाबाद का लुटेरा परवेज सैफी इस नेटवर्क को गाड़ियां उपलब्ध कराता था।

किडनी कांड के एक नए पीड़ित पंजाब के मनजिंदर का वीडियो पुलिस को जेल भेजे गए आरोपी शिवम अग्रवाल के मोबाइल में मिला है। अमृतसर के तरनतारन निवासी मनजिंदर का आरोप है कि आहूजा हॉस्पिटल के संचालकों डॉ. सुरजीत आहूजा, डॉ. प्रीति आहूजा और चार अन्य लोगों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने किडनी देने के नाम पर उनसे 43 लाख रुपये ले लिए, इसके बावजूद उनका ट्रांसप्लांट नहीं किया गया। उन्होंने यह रकम कर्जा लेकर दी थी।

मसवानपुर स्थित आहूजा अस्पताल के इस वीडियो के अनुसार, मनजिंदर की किडनी खराब है। वह कई वर्षों से डायलिसिस करा रहे हैं। डायलिसिस के दौरान ही मोहाली में उनकी मुलाकात नवनीत सिंह नाम के युवक से हुई। उसने जसप्रीत, विक्रांत, हसन को अपना परिचित बताया। कहा कि यह लोग किडनी बदलवाने में उनकी मदद करेंगे। इसके बाद उसने इन लोगों से संपर्क कराया। इसके बाद आरोपियों ने उनसे किडनी के बदले कई बार में 43 लाख रुपये ले लिए। उन्होंने यह रकम अपने परिचितों से उधार लेकर जुटाई थी।

आरोपियों ने उनका ट्रांसप्लांट नहीं कराया। हर बार टरकाते रहे। उनका कहना है कि उनका तो सब कुछ लुट गया गया है। जिन लोगों से रकम उधार लेकर दी दी है, वह तगादा करके जीना मुहाल कर देंगे। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद डॉ. अली की तलाश में दिल्ली गई पुलिस टीम को चंडीगढ़ भेजा गया है, वहां पीड़ित का पता लगाने की कोशिश करेगी।

गाजियाबाद का लुटेरा परवेज ट्रांसप्लांट के लिए उपलब्ध कराता था गाड़ियां
किडनी ट्रांसप्लांट नेटवर्क पता चला है कि गाजियाबाद का शातिर लुटेरा परवेज सैफी आरोपियों को ट्रांसप्लांट के लिए गाड़ियां उपलब्ध कराता था। परवेज ही आरोपियों को ट्रांसप्लांट के लिए 31 मार्च को आहूजा हॉस्पिटल लाया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार परवेज सैफी गाजियाबाद से लूट और डकैती में जेल जा चुका है। मेरठ निवासी अंकित इस पूरे नेटवर्क के लिए आनेजाने को गाड़ियां उपलब्ध कराता था। वह डॉ. रोहित, वैभव मुद्गल, डॉ. अफजल, डॉ. मुदस्सर अली सिद्दीकी उर्फ डॉ. अली और डॉ. अनुराग समेत अन्य सदस्यों के लिए अलग-अलग नामों से वाहन बुक करता था।

परवेज सैफी ही डॉ. रोहित की टीम को तीन बार मेरठ से कानपुर लेकर लाया था। भुगतान 10 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से किया जाता था। आहूजा हॉस्पिटल में भी पिछले रविवार को मुदस्सर अली सिद्दीकी, कुलदीप और राजेश को लेकर परवेज ही लाया था। डीसीपी वेस्ट एसएन कासिम आबिदी ने बताया कि परवेज सैफी पर लूट और डकैती जेल जा चुका है।

परवेज ने 500 की गड्डियों संग बनाया वीडियो
पुलिस को कुछ वीडियो मिले हैं। वीडियो में लूट व डकैती के आरोपी परवेज सैफी और डॉ. अफजल दिखाई दे रहे हैं। 19 सेकंड के वीडियो में दोनों एक बेड पर बैठे हैं जिस पर 500 रुपये की करीब पचास से ज्यादा गड्डियां बिखरी हैं। वीडियो परवेज बना रहा है। काली टीशर्ट व जींस पहने डॉ. अफजल नोटों की गड्डियों को एक खास अंदाज में उछालता दिख रहा है।

शिवम की रिमांड से खुलेंगे कई राज
डीसीपी वेस्ट एसएन कासिम आबिदी ने बताया कि पुलिस सोमवार को एंबुलेंस संचालक शिवम अग्रवाल को रिमांड पर लेने की अर्जी न्यायालय में डालेगी। उसे रिमांड पर लेने के बाद ही कई सवालों के जवाब मिलेंगे। इससे उसके मोबाइल में मिले वीडियो वाले पंजाब के व्यक्ति के बारे में जानकारी मिल सकेगी। साथ ही कब-कब आहूजा और मेडिलाइफ में ट्रांसप्लांट किया गया और किनका किया गया, इसके बारे में पूछताछ की जाएगी ।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *