होलिका दहन 2 मार्च, चार को खेला जाएगा रंग; होली के लिए दून अस्पताल सतर्क
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : होलिका दहन दो को होगा जबकि चार मार्च को रंग खेला जाएगा। होली पर दुर्घटना और स्वास्थ्य संबंधित आपात स्थिति से निपटने के लिए दून अस्पताल ने कमर कस ली है।
उत्तराखंड विद्वत सभा की आकाशदीप कॉलोनी में बैठक आयोजित हुई। अध्यक्ष हर्षपति गोदियाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में होली पर्व और सभा की वार्षिक पत्रिका अमृत कुंभ केदारखंड विशेषांक के विमोचन पर चर्चा की गई।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज में सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया। वहीं, गढ़ी कैंट स्थित माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर में कुमाऊनी खड़ी और बैठकी होली खेली गई। द्रोण आश्रम में होलियारों ने शास्त्रीय संगीत पर आज बिरज में होली रे रसिया पारंपरिक बैठकी होलियों का गायन किया। योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने विचार रखे। इस अवसर पर कैलाश पाठक, बबीता साह लोहनी, कैलाश पांडे आदि मौजूद रहे।
होली के लिए दून अस्पताल सतर्क
होली पर दुर्घटना और स्वास्थ्य संबंधित आपात स्थिति से निपटने के लिए दून अस्पताल ने कमर कस ली है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से इमरजेंसी में अतिरिक्त डॉक्टराें की ड्यूटी लगाने के साथ ही स्टाफ को भी तैनात किया गया है।इसके अलावा पर्याप्त संख्या में दवाइयों की उपलब्धता के निर्देश दिए गए हैं। होली पर्व के दौरान अक्सर रंगों के दुष्प्रभाव, त्वचा एलर्जी, आंखों में केमिकल जाने, कान गले की संबंधी समस्याएं, हुड़दंग के कारण चोट और हड्डी टूटने की अधिक समस्या सामने आती है। इन विभागों से संबंधित डॉक्टरों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक और ईएनटी विशेषज्ञों को छोटी और बड़ी होली में अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ को भी अतिरिक्त कार्मिक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
