हल्दीराम के वेयर हाउस छापामार कार्रवाई, 1 क्विंटल एक्सपायरी मिठाइयां बरामद, कांग्रेस ने कहा- जनता की सेहत सिर्फ विज्ञापनों में सुरक्षित?

स्वदेशी टाइम्स, लखनऊ : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने राजधानी के कई इलाकों में छापामार कार्रवाई कर 10415 किलो मसाले और खोया सीज किया है. जब्त सामग्रियों की कीमत 55 लाख से अधिक बताई जा रही है. वहीं हल्दीराम के वेयर हाउस में छापामार कार्रवाई कर 1 क्विंटल 12 किलो एक्सपायर्ड सोनपापड़ी और राजभोग बरामद किया है. साथ ही जांच के लिए कई खाद्य पदार्थ के नमूने भेजे गए हैं. अब इस मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर करारा हमला बोला है. कांग्रेस ने कहा, भाजपा के ‘स्वच्छ’ प्रशासन में मिलावट का जहर, क्या जनता की सेहत सिर्फ विज्ञापनों में सुरक्षित है?

आगे कांग्रेस ने कहा, डबल इंजन सरकार के सुशासन का ढोल तब फट गया जब लखनऊ के पॉश इलाकों से लेकर बड़े ब्रांड्स के स्टोरेज तक में हज़ारों किलो मिलावटी मसाले और एक्सपायर्ड मिठाइयों का अंबार मिला. विडंबना देखिए, जिस फैजुल्लागंज में ‘हल्दीराम’ जैसे बड़े नाम के भरोसे जनता पैसे खर्च करती है, वहां से क्विंटल भर ‘ज़हरीली’ एक्सपायर्ड सोनपापड़ी और राजभोग बरामद हो रहे हैं.

आगे कहा कि क्या यही है भाजपा का वो ‘रामराज्य’ जहां त्यौहारों से लेकर आम दिनों तक जनता को ज़हर परोसने वाले माफिया बेखौफ फल-फूल रहे हैं? 10 हज़ार किलो से ज़्यादा सीज किया गया माल और 55 लाख की मिलावट यह चीख-चीख कर कह रही है कि ज़मीनी स्तर पर कानून का कोई डर नहीं है. सरकार केवल फोटो खिंचवाने और वाहवाही लूटने में व्यस्त है, जबकि आम नागरिक की सेहत भगवान भरोसे है.

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *