कृषि मंत्री शिवराज का पलटवार, बोले– किसानों के साथ कोई समझौता नहीं

स्वदेशी टाइम्स, नई दिल्ली : अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर कांग्रेस के आरोपों के बीच कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि चाहे वे छोटे किसान हों या बड़े किसान, हमारे सभी कृषि उत्पाद सुरक्षित रहेंगे। ऐसी कोई भी चीज के लिए बाजार नहीं खोला गया है।

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय के अटके व्यापार समझौते पर सहमति बन गई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन पर बातचीत के बाद इसकी घोषणा की। हालांकि विपक्ष लगातार ट्रेड डील पर सवाल उठा रहा है कि कृषि क्षेत्र को खोलने से ‘किसानों की सुरक्षा’ कैसे सुनिश्चित होगी। जिस पर अब कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का बयान आया है।

भारतीय किसानों के हित पूरी तरह से सुरक्षित: कृषि मंत्री
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बारे में अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट के एक्स पोस्ट पर कहा कि, ‘हमारे मंत्री पीयूष गोयल ने भी संसद में सारी स्थिति स्पष्ट कर दी है। मैं फिर दोहराता हूं कि भारतीय किसानों के हित पूरी तरह से सुरक्षित हैं। चाहे वे छोटे किसान हों या बड़े किसान, हमारे सभी कृषि उत्पाद सुरक्षित रहेंगे। ऐसी किसी भी चीज के लिए बाजार नहीं खोला गया है।’

वहीं भारत के कृषि क्षेत्र, खासकर किसानों पर अमेरिका-भारत व्यापार समझौते के असर के बारे में शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा, ‘यह व्यापार समझौता कूटनीति, विकास और सम्मान का एक नया उदाहरण है। हम विवाद नहीं, संतुलित संवाद में विश्वास करते हैं। किसानों के हितों की पूरी तरह से संरक्षित किया गया है। किसानों के हित पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

विपक्ष पर गलत सूचना फैलाने का आरोप
उन्होंने आगे कहा कि, ‘हमारे मुख्य अनाज, फल, प्रमुख फसलें और बाजरा सब सुरक्षित हैं। डेयरी उत्पाद सुरक्षित हैं। कृषि मंत्री ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन पर गलत सूचना फैलाने और “अंध विरोध” करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अनिश्चितता और अव्यवस्था का माहौल बनाने के लिए अफवाहें फैलाई गईं। कृषि मंत्री ने अपने बयान में कहा कि कांग्रेस और विपक्ष निराश हैं। मानसिक रूप से परेशान हैं। वे मैदान मुकाबला नहीं कर सकते। इसलिए अंधाधुंध विरोध कर रहे हैं। वे अफवाहें फैलाकर अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते हैं। जब कपड़ा निर्यात बढ़ेगा, तो कपास किसानों को फायदा होगा।’

राहुल गांधी-बिट्टू विवाद पर बोले शिवराज
वहीं संसद के मकर द्वार पर एक दिन पहले यानी बुधवार (04 फरवरी) को हुई राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री के बीच हुई नोकझोंक पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘आज मेरा मन दर्द और पीड़ा से भरा हुआ है। मैं यह देखकर हैरान हूं कि नेता प्रतिपक्ष (राहुल गांधी) एक मंत्री को ‘गद्दार’ कह रहे हैं। ऐसे तुच्छे टिप्पणी कर रहे हैं। वे पीएम के पद का अपमान कर रहे हैं। ये ‘छिछोरापन’ है। राहुल गांधी और कांग्रेस ने लोकतंत्र को कलंकित करने का काम है। देश सब देख रहा है। जब भी कांग्रेस ने पीएम का अपमान किया है, जनता ने हमेशा उन्हें सबक सिखाया है। कांग्रेस कहां तक गिरेगी?’

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *