प्रदेश में UCC दिवस का आयोजन, सीएम धामी ने जनता को दिया भरोसे का संदेश
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : सीएम पुष्कर सिंह धामी ने UCC के एक साल पूरा होने पर कहा कि 27 जनवरी का दिन हमारे राज्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। देश की आजादी के बाद संविधान निर्माताओं ने अनुच्छेद 44 में इसका प्रावधान किया था कि देश में समान नागरिक संहिता होनी चाहिए। उसे सबसे पहले लागू करने का काम उत्तराखंड के लोगों ने किया है। उसका एक साल सफलता पूर्वक पूरा हो रहा है।
उत्तराखंड में आज यूसीसी दिवस मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा राज्य सरकार ने प्रदेश की जनता से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने का वादा किया था जिसे सरकार ने अपने संकल्प के अनुरूप पूरा किया है।
देवभूमि उत्तराखंड गंगा, यमुना, आदि कैलाश, केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे पवित्र धार्मिक स्थलों की भूमि है। इसी पावन भूमि से समानता, न्याय और सामाजिक समरसता का संदेश पूरे देश को दिया गया है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान ये बातें कहीं।
सीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यह धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से राज्य की सबसे महत्वपूर्ण यात्रा है। इस वर्ष की यात्रा को और अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए बैठक की जाएगी।
