कोहरा का कहर: तीन वाहनों की हुई भिड़ंत, 4 लोग गंभीर रूप से घायल |
स्वदेशी टाइम्स, यमुनानगर : घनी धुंध के कारण हरियाणा के यमुनानगर में सुबह के समय तीन वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घनी धुंध के कारण व्यासपुर–साढ़ौरा मार्ग पर मंगलवार सुबह सड़क हादसा हो गया। एलबीएस शिक्षण संस्थान के समीप डंपर, निजी बस और गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में दो छात्राओं सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मार्ग के दोनों ओर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा।
हादसे की आवाज सुनकर शिक्षण संस्थान के कर्मचारी, छात्र और स्थानीय लोग बाहर निकल आए। बस में सवार यात्री घबराकर चिल्लाने लगे। टक्कर के दौरान बस से उतर रही दो छात्राएं काजल व एक अन्य तथा साइकिल सवार कर्मबीर और करनैल चपेट में आ गए। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। करनैल को प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया गया, जबकि कर्मबीर की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर यमुनानगर रेफर किया गया। दोनों छात्राओं को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुलदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया गया।
