UP: पुष्पा और प्रेमी का दिल दहला देने वाला अपराध: मां की हत्या के पीछे गहरी साजिश
स्वदेशी टाइम्स, शाहजहांपुर: शाहजहांपुर में रामबेटी की हत्या के मामले में दोषी उनकी बेटी पुष्पा और पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर राकेश कुमार को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि पुष्पा ने रिश्तों का कत्ल किया है।
शाहजहांपुर के डीएम कंपाउंड के सर्वेंट क्वार्टर में दो वर्ष पूर्व रामबेटी की हत्या में उनकी बेटी पुष्पा और पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता राकेश कुमार को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। बेटी से एई के नजदीकी संबंधों पर आपत्ति करने पर दोनों ने मिलकर सिर पर लोहे के पाइप से प्रहार कर महिला की हत्या कर दी थी। कोर्ट ने सजा सुनाते हुए टिप्पणी की कि पुष्पा ने रिश्तों का खून किया है।
सिंधौली के ढकिया हमीरनगर निवासी रामबेटी बेटी पुष्पा के साथ सर्वेंट क्वार्टर में रहती थीं। जांच में सामने आया कि हापुड़ के गांव सिकंदरपुर काकोड़ी निवासी और डीएम कंपाउंड में ही रहने वाले पीडब्ल्यूडी के निर्माण खंड (प्रथम) में तैनात एई राकेश कुमार के घर में रामबेटी की बेटी पुष्पा खाना बनाती थी। पुलिस ने दोनों की कॉल डिटेल निकलवाई तो सामने आया कि पुष्पा और राकेश के बीच फोन पर लंबी बातचीत होती थी।
