बर्फ की सफेद चादर में लिपटीं औली-चकराता की वादियां, जन्नत से कम नहीं नजारे

Spread the love

देहरादून : उत्तराखंड में आज मौसम ने फिर करवट बदली है। पहाड़ से मैदान तक बारिश का सिलसिला जारी है। चमोली जनपद में लगातार तीसरे दिन भी मूसलाधार बारिश हो रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हो रही है। औली और चकराता में फिर से बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई है। निजमुला घाटी के ईराणी, पाणा, झींझी, नंदानगर के रामणी, घूनी, पडेरगांव सहित कई गांवों में बर्फ जम गई है। जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड से बचने के लिए लोग अपने घरों में दुबके हुए हैं। पैदल रास्तों और खेत खलियानों में बर्फ जमने से ग्रामीणों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

उत्तरकाशी जिले में रात से लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। जिसके चलते गंगोत्री हाईवे सुक्की टॉप से आगे बंद है। मोरी क्षेत्र के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हुई है। चकराता में सीजन की चौथी बर्फबारी हुई है। क्षेत्र के लौखंडी, कोटी-कनासर, जाड़ी, बुल्हाड़, देववन, केराड़ में भारी बर्फ पड़ी है। बर्फबारी के बाद जमीन पर छह इंच मोटी बर्फ की चादर जम गई है।

इधर, बदरीनाथ हाईवे पागलनाला में करीब एक घंटे तक बाधित रहा। यहां हाईवे पर आया मलबा दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं। हाईवे पर हनुमान चटटी से आगे बर्फ हटाने का काम भी प्रभावित हो गया है। जोशीमठ-औली और चमोली-गोपेश्वर-मंडल-ऊखीमठ हाईवे पर भी बर्फ जम जाने से वाहनों की आवाजाही मुश्किल से हो पा रही है।
विज्ञापन

यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में बर्फबारी के बाद मौसम साफ हो गया है। लेकिन, खरशालीगांव में स्थित मां यमुना मंदिर में बर्फ जमी हुई है।
चमोली जिले में बर्फबारी के बाद कई गांव बर्फ से ढक गए हैं। देवाल के गांवों में भी खेत खलिहान बर्फ से पटे हैं। बदरीनाथ, केदारनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, औली, गौरसों बुग्याल के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। औली में भी बर्फबारी के बाद भारी मात्रा में बर्फ जमी है।

वहीं, आज देहरादून के साथ उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, पौड़ी, हरिद्वार जिले में बिजली चमकने और तेज गर्जन के साथ बारिश होने के आसार जताए हैं।

नई टिहरी, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में कहीं-कहीं तेज गर्जन और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है। वहीं, कुमाऊं में भी मौसम बिगड़ा हुआ है। बागेश्वर के धूर क्षेत्र में जमकर बर्फबारी हुई।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *