Haridwar में दो मासूम बच्चियां लावारिस मिलीं, पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन ने संभाला
स्वदेशी टाइम्स, हरिद्वार : Haridwar धर्मनगरी हरिद्वार में दो मासूम बच्चियों के लावारिस हालत में मिलने के मामले सामने आए हैं। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह चौक के पास कूड़े के ढेर से करीब सात दिन की नवजात बच्ची मिली, जबकि नगर कोतवाली क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के पास लगभग एक साल की बच्ची मिली। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम सक्रिय हुई और बच्चियों को सुरक्षित संरक्षण में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया।
कूड़े के ढेर से सुनाई दी नवजात के रोने की आवाज
जानकारी के अनुसार, भगत सिंह चौक के पास से गुजर रहे लोगों को कूड़े के ढेर से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो वहां करीब सात दिन की नवजात बच्ची पड़ी हुई थी। बच्ची को इस हालत में देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए।
मौके पर मौजूद समाजसेवी वंदना गुप्ता ने बच्ची को गोद में उठाया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने 108 एंबुलेंस की सहायता से बच्ची को महिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
पोस्ट ऑफिस के पास भी लावारिस मिली एक साल की बच्ची
दूसरी घटना नगर कोतवाली क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के पास सामने आई, जहां करीब एक साल की बच्ची लावारिस हालत में मिली। सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने बच्ची को अपने संरक्षण में लिया और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल बच्ची की देखभाल और सुरक्षा की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस उसके परिजनों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है। दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद संबंधित क्षेत्रों में जांच तेज कर दी गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसपी सिटी दीपक सिंह के अनुसार, भगत सिंह चौक के पास मिली नवजात बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। बच्ची जहां मिली थी, उस स्थान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
उन्होंने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र में मिली दूसरी बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन की निगरानी में रखा गया है। पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि बच्चियों के परिजनों का पता लगाया जा सके और घटनाओं से जुड़े तथ्यों की जानकारी सामने आ सके।