‘Hardik Pandya 100 प्रतिशत नजर नहीं आए’, Adam Gilchrist ने मुंबई इंडियंस की फिटनेस पर खड़े किए सवाल
स्वदेशी टाइम्स, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर सवाल खड़े किए हैं। हार्दिक पांड्या ने रविवार को सीएसके की पारी का आखिरी ओवर डाला, जिसमें 26 रन खर्च किए। उनकी लगातार तीन गेंदों पर एमएस धोनी ने तीन छक्के जड़े।
हार्दिक पांड्या की जमकर आलोचना हो रही है। भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी और गेंदबाजी को बेहद साधारण करार दिया है। गिलक्रिस्ट ने ऑस्ट्रेलियाई खेल शब्दावली का उपयोग करते हुए पांड्या को ”प्रोपी” कहा, जिसका मतलब है कि हार्दिक पांड्या पूरी तरह फिट नहीं हैं।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर ने क्रिकबज से बातचीत में कहा कि हार्दिक पांड्या की गेंदबाजी बिखरी हुई नजर आई, धार की कमी थी और सर्वश्रेष्ठ स्तर पर निरंतरता की उम्मीद होती है। समर्पण के बावजूद यह दिखा कि वो शारीरिक रूप से 100 प्रतिशत सही नहीं हैं। इस तरह हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर गिली ने सवाल खड़े किए।
पांड्या के बारे में गिली ने क्या कहा
हार्दिक पांड्या और उनकी गेंदबाजी के बारे में एकमात्र सकारात्मक बात यह रही कि वो चुनौती लेना पसंद करते हैं। मैं कप्तान हूं, मैं कुछ बड़ा करूंगा, लेकिन फिर वो प्रोपी दिखते हैं, हम ऑस्ट्रेलियाई खेल भाषा में इस शब्द का उपयोग करते हैं कि आप सहज नहीं हैं। वो गेंद के साथ 100 प्रतिशत फिट नहीं दिख रहे थे और अगर उनकी शारीरिकता में कोई संदेह है तो उनकी गेंदबाजी बिखर जाएगी।
मुंबई की करारी हार
मुंबई इंडियंस को रविवार को आईपीएल 2024 के 29वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स के हाथों 20 रन की शिकस्त सहनी पड़ी। वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 206 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 186 रन बना सकी। हार्दिक पांड्या के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने गेंदबाजी में 4 ओवर में 43 रन देकर दो विकेट लिए। फिर बल्ले से वो केवल 2 रन बनाकर आउट हुए।