Khatima में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में पहुंचे CM धामी, जनजातीय युवतियों ने JCB पर चढ़कर की पुष्पवर्षा; नानकमत्ता साहिब में झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
स्वदेशी टाइम्स, खटीमा : खटीमा के गौसीकुवां भूड़ाई में आयोजित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर जनजातीय समाज की युवतियों ने JCB पर चढ़कर पुष्पवर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया। वहीं, स्थानीय महिलाओं ने भी पारंपरिक उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे और नौनिहालों के बीच समय बिताया। उन्होंने बच्चों को दुलार किया और उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन भी परोसा और उनके साथ बैठकर समय बिताया।
गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार में हुए शामिल
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान गोद भराई की रस्म में हिस्सा लेकर गर्भवती महिलाओं को आशीर्वाद दिया। उन्होंने 10 गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार सामग्री की किट वितरित की। इसके साथ ही 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई।
सीएम धामी ने 5 छोटे बच्चों का अपने हाथों से अन्नप्राशन संस्कार कराया। इसके अलावा धात्री महिलाओं को पोषक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु पोषण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में मुख्यमंत्री ने सहभागिता की।
9 आंगनबाड़ी और 2 आशा वर्करों को किया सम्मानित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बेहतर कार्य करने वाली 9 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 2 आशा वर्करों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मातृशक्ति और नौनिहालों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित मातृत्व के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सरकार की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में गर्भवती महिलाओं को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हेली एंबुलेंस की सुविधा भी दी गई है।
नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारे में टेका मत्था
खटीमा कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब पहुंचकर मत्था टेका। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की।
इसके बाद मुख्यमंत्री खुद हाथ में झाड़ू लेकर गुरुद्वारा परिसर में स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। उन्होंने श्रमदान करते हुए परिसर में साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ-साथ अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। दोनों कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय महिलाओं, जनजातीय समाज और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।