Halduchaur में पानी की टंकी से निकला 6 फीट लंबा ब्लैक कोबरा, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

स्वदेशी टाइम्स, हल्दूचौड़ : Halduchaur मानसून की शुरुआत के साथ ही जहरीले सांप जंगलों से निकलकर रिहायशी इलाकों की ओर आने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला हल्दूचौड़ के जग्गीबंगर क्षेत्र में सामने आया, जहां एक मकान की पानी की टंकी में करीब छह फीट लंबा ब्लैक कोबरा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। समय रहते मकान मालिक की सतर्कता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, मकान मालिक दीप बमेठा रोज की तरह पानी की टंकी देखने पहुंचे तो उन्होंने अंदर एक विशाल ब्लैक कोबरा को कुंडली मारकर बैठे देखा। घबराने के बजाय उन्होंने तुरंत टंकी का ढक्कन बंद कर दिया और परिवार के सभी सदस्यों को उससे दूर रहने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही गौला रेंज की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ चले अभियान में कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि न तो किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचे और न ही सांप को कोई क्षति हो।

वन विभाग ने रेस्क्यू के बाद ब्लैक कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ दिया। विभाग का कहना है कि बारिश के दौरान बिलों और निचले इलाकों में पानी भरने से सांप सुरक्षित स्थानों की तलाश में घरों, पानी की टंकियों, स्टोर रूम और अन्य जगहों में पहुंच सकते हैं।

गौला रेंज के रेंजर चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि बरसात शुरू होने के बाद हल्दूचौड़ क्षेत्र में अब तक तीन सांपों का रेस्क्यू किया जा चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी घर या आसपास सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।