पिता की सांसों के लिए भोलेनाथ से मांगी मन्नत, हर कदम जमीन पर लोट-लोटकर ला रहे कांवड़

स्वदेशी टाइम्स, बागपत : सोनीपत के दीपक ने पिता के जीवन के लिए भोलेनाथ से मांगी मन्नत, अब हरिद्वार से बिना सहारे जमीन पर लोट-लोटकर ला रहा कांवड़। यह श्रद्धा, प्रेम और संकल्प की मिसाल बन गया है।

बस मेरे पापा ठीक हो जाएं भोलेनाथ… मैं अपना सब कुछ आपके चरणों में अर्पित कर दूंगा। यह सिर्फ प्रार्थना नहीं थी, बल्कि एक बेटे का अंतिम सहारा, जब उसके पिता अस्पताल के बेड पर जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे।

सोनीपत जिले के नाहरी निवासी दीपक के पिता दिल्ली के नरेला स्थित अस्पताल में भर्ती थे। डॉक्टरों और नर्सों तक ने जवाब दे दिया था -‘उम्मीद बहुत कम है। थके-हारे परिवार को जब दवा नहीं बचा सकी, तब दीपक ने भोलेनाथ से संकल्प लिया -अगर पापा बच गए, तो मैं कांवड़ लाऊंगा, अपनी देह को कष्ट देकर।

भोलेनाथ ने सुनी पुकार, लौटी पिता की सांसें
शिवरात्रि से पहले मानो चमत्कार हुआ। पिता की हालत सुधरने लगी, अस्पताल से छुट्टी मिली और उनके चेहरे की मुस्कान वापस आ गई। दीपक अब अपने संकल्प को निभाने निकल पड़ा।
पिता की सांसों के लिए भोलेनाथ से मांगी मन्नत, हर कदम जमीन पर लोट-लोटकर ला रहे कांवड़
जमीन पर लेटकर निभा रहा संकल्प
हरिद्वार से बड़ौत की ओर दीपक बिना किसी सहारे, लाठी या साधन के खुद को भूमि पर लेटता हुआ कांवड़ लेकर चल रहा है। कुछ दूरी तक पेट के बल लेटता है, फिर खड़ा होकर कुछ कदम चलता है, फिर लेटता है और उसी जगह से फिर से इस प्रक्रिया को दोहराता है। हर कदम पर यही क्रम दोहराता है।
                                                              Kanwar Yatra 2025: Son Rolls on Ground with Kanwar to Fulfill Promise for Fathers Life
जब बड़ौत पहुंचने पर रास्ते में लोगों ने दीपक से पूछा कि भाई इतनी कठिन तपस्या क्यों?
तो उसकी आंख में आंसू थे और कांपती आवाज में जवाब दिया कि पिता की सांसे उधार थीं भोलेनाथ से… अब हर कदम उन्हीं को लौटाने निकला हूं..’ यह सुनकर वहां खड़े लोगों की आंखें नम हो गईं।
                                                                 Kanwar Yatra 2025: Son Rolls on Ground with Kanwar to Fulfill Promise for Fathers Life
श्रद्धा, संकल्प और पुत्रधर्म की जीवंत मिसाल
दीपक की यात्रा आज सिर्फ एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि श्रद्धा, परिवार के प्रति प्रेम और भोलेनाथ पर अटूट आस्था की जीवंत तस्वीर बन गई है। यह कहानी बताती है कि जब श्रद्धा सच्ची हो, तो भोलेनाथ ‘शंकर’ से ‘संजीवनी’ बन जाते हैं।