CM Dhami ने किया गौचर मेले का शुभारंभ, बोले- स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य
स्वदेशी टाइम्स , चमोली : उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक परंपराओं को समेटे गौचर मेले का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेले को प्रदेश की विरासत, स्थानीय व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि गौचर मेला केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक मेले हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ये आयोजन पीढ़ियों को एक-दूसरे से जोड़ने के साथ स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और व्यापारियों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। इन परंपराओं को संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
गांवों में रोजगार और स्वरोजगार बढ़ाने पर सरकार का जोर
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर मिलें। इसके लिए कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि युवाओं को रोजगार की तलाश में अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर न होना पड़े।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से राज्य सरकार पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना समेत कई रोजगारपरक योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। इन योजनाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
हाउस ऑफ हिमालयाज का कारोबार छह करोड़ के पार
मुख्यमंत्री ने चमोली के स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यहां का ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद, दालें और जड़ी-बूटियां केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इन्हें देश और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी पहचान मिलनी चाहिए।
सीएम ने बताया कि इसी दिशा में राज्य सरकार ने ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की है। इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। उन्होंने इसे प्रदेश की मातृशक्ति की मेहनत, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।
उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है गौचर मेला
गौचर मेला लंबे समय से आयोजित होता आ रहा है और इसे उत्तराखंड के प्रमुख ऐतिहासिक व्यापारिक मेलों में गिना जाता है। पुराने समय में यह प्रदेश के सबसे बड़े मेलों में शामिल था। इस मेले का विशेष महत्व व्यापार, कृषि और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिहाज से रहा है।
मेले में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के साथ दूसरे राज्यों से भी कलाकार और खिलाड़ी पहुंचते रहे हैं। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाता है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और खेल कौशल दिखाने का मंच मिलता है।
कृषि मेले में आकर्षण का केंद्र रहती हैं स्थानीय उपज
गौचर मेले की पहचान यहां आयोजित होने वाले कृषि मेले से भी जुड़ी रही है। अलग-अलग क्षेत्रों के किसान अपनी उपज और कृषि उत्पादों का प्रदर्शन करते हैं। बीते वर्षों में मेले में प्रदर्शित की गई विशाल लौकी और लंबी मूली जैसी सब्जियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही हैं।
आज भी गौचर मेला चमोली जिले के लोगों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र है। मुख्यमंत्री धामी ने मेले के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक व्यवसायों और स्वरोजगार को नई पहचान दिलाने का संदेश दिया।