Mufti के महिलाओं वाले बयान पर CM धामी का पलटवार, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : Mufti केरल में ग्रैंड मुफ्ती शेख अबू बकर अहमद की ओर से महिलाओं को लेकर दिए गए बयान पर सियासत गरमा गई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुफ्ती के बयान की कड़ी निंदा की है। सीएम धामी ने इसे बेहद निम्न कोटि का बयान बताते हुए कांग्रेस और खास तौर पर राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।

दरअसल, कोच्चि में आयोजित ‘हुब्बुल रसूल सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए शेख अबू बकर अहमद ने कथित तौर पर महिलाओं को घर तक सीमित रहने की बात कही थी। उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को लेकर भी टिप्पणी की थी। इसी बयान को लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

सीएम धामी बोले- भारतीय संस्कृति में नारी का सम्मान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और हमारे शास्त्रों में नारी को देवी के समान सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास माना गया है।

सीएम धामी ने इसी मुद्दे को लेकर राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी समय-समय पर मनुस्मृति और सनातन को लेकर बयान देते हैं, लेकिन ऐसे मामलों पर उनकी ओर से प्रतिक्रिया सामने नहीं आती।

‘राहुल गांधी को मुफ्ती के बयान का विरोध करना चाहिए था’

धामी ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अक्सर महिलाओं के उत्थान और अधिकारों की बात करते हैं। अगर वे वास्तव में महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को लेकर गंभीर हैं तो उन्हें मुफ्ती शेख अबू बकर अहमद के बयान का विरोध करना चाहिए था।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि भाजपा मुफ्ती के इस बयान का समर्थन नहीं करती है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि राहुल गांधी का महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर रुख कई बार राजनीतिक हितों से प्रभावित नजर आता है।

जिहादी और उन्मादी नारों को लेकर भी कांग्रेस पर हमला

सीएम धामी ने उत्तराखंड में कथित तौर पर लगाए जाने वाले जिहादी और उन्मादी नारों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को लेकर कांग्रेस या राहुल गांधी की ओर से कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आता।

उन्होंने रुद्रपुर के त्रिशूल चौक का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कुछ लोगों की ओर से कथित तौर पर उन्मादी नारे और भाषण दिए जाते हैं, लेकिन कांग्रेस इन मामलों पर प्रतिक्रिया नहीं देती।

चाय के दो गिलास वाले बयान पर भी बोले धामी

राहुल गांधी के उस बयान पर भी सीएम धामी ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने चाय की दुकानों पर अलग-अलग गिलास रखे जाने का दावा किया था। धामी ने कहा कि उन्होंने भी देश के कई हिस्सों में यात्रा की है और ऐसा नहीं देखा कि दुकानदार किसी व्यक्ति की जाति या नाम पूछकर उसे अलग गिलास देता हो।

धामी बोले- जनता ने कांग्रेस को धरातल से दूर कर दिया

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की ओर से इस तरह के मुद्दे वोटों की राजनीति के लिए उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में केवल भाषण देने के बजाय जनता के लिए काम करना जरूरी है।

धामी ने दावा किया कि यदि कांग्रेस ने जनता के लिए काम किया होता तो उसे बार-बार चुनावी हार का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब ऐसे मुद्दों पर बयान दे रहे हैं, जिनका जमीनी हकीकत से कोई संबंध नहीं है और जनता कांग्रेस को उसके राजनीतिक धरातल से दूर कर चुकी है।