Chardham Yatra 60 लाख श्रद्धालुओं के नए रिकॉर्ड की ओर, 15 सितंबर से शुरू होगा दूसरा चरण
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : Chardham Yatra की शुरुआत 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद यात्रा पूरी तरह संचालित हुई।
मानसून सीजन में श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी जरूर आई, लेकिन इसके बावजूद यात्रा लगातार संचालित होती रही। अब 15 सितंबर से यात्रा का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। इसके बाद चारधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में एक बार फिर तेजी आने की संभावना है।
पिछले साल से आगे निकलने की उम्मीद
पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 10 सितंबर तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधामों के दर्शन कर चुके हैं। बीते वर्ष पूरे यात्रा सीजन में करीब 51 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए थे। ऐसे में इस बार यात्रा पहले ही पिछले साल के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है।
सरकार को उम्मीद है कि नवंबर तक यात्रा जारी रहने के कारण इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या 60 लाख तक पहुंच सकती है।
भूस्खलन जोन बढ़ाएंगे चुनौती
यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ यात्रा मार्गों पर भूस्खलन बड़ी चुनौती बन सकता है। ऋषिकेश से बदरीनाथ और केदारनाथ जाने वाले मार्गों पर कई संवेदनशील भूस्खलन जोन मौजूद हैं।
बदरीनाथ मार्ग पर कमेड़ा, पर्थाटीप, मैठाणा, बांजपुर, विरही, भनेरपानी और हाथी पहाड़ जैसे स्थानों पर भूस्खलन की चुनौती बनी हुई है। मानसून के दौरान इन क्षेत्रों में मलबा और पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आती रही हैं।
मलबा हटाने का काम जारी
यात्रा के दूसरे चरण को देखते हुए सरकार और संबंधित विभागों की ओर से संवेदनशील स्थानों पर मलबा हटाने और अस्थायी व्यवस्थाओं का काम शुरू कर दिया गया है। हालांकि, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी और दीर्घकालीन काम पूरा होने में अभी समय लग सकता है।
15 सितंबर के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इन स्थानों पर जाम और यातायात बाधित होने की आशंका भी बनी रहेगी। सरकार का कहना है कि चारधाम यात्रा मार्गों को यातायात के लिए सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता है और जहां भी भूस्खलन की समस्या है, वहां आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।