Haldwani में BJP की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति शुरू, चुनावी रणनीति पर होगा मंथन
स्वदेशी टाइम्स, हल्द्वानी : Haldwani नैनीताल जिले के हल्द्वानी में भाजपा की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की शुरुआत हो गई है। प्रदेशभर से पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और पदाधिकारी बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। कार्यसमिति के दौरान संगठन को मजबूत करने के साथ आगामी चुनावों की रणनीति पर भी व्यापक मंथन किया जा रहा है।
दोपहर बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी कार्यसमिति में शामिल होंगे और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा
कार्यसमिति के पहले दिन राजनीतिक प्रस्ताव और ‘विकसित उत्तराखंड संकल्प प्रस्ताव’ समेत संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है। बैठक में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने की रणनीति पर भी विचार किया जा रहा है।
प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता कार्यसमिति में पहुंच चुके हैं।
मदन कौशिक बोले- राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से मिलेगी नई दिशा
कार्यसमिति में पहुंचे कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि बैठक में संगठन को और मजबूत करने, बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ बढ़ाने और आगामी चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण रणनीति तैयार की जाएगी। मदन कौशिक ने दावा किया कि भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और सत्ता में हैट्रिक लगाएगी।
सौरभ बहुगुणा ने बताया अहम बैठक
कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रदेश कार्यसमिति को संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन पार्टी के भीतर नई ऊर्जा का संचार करेगा। उनके मुताबिक बैठक में आने वाली राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए कार्यकर्ताओं और संगठन को दिशा मिलेगी।
विजय बहुगुणा बोले- भविष्य की रणनीति पर होगा मंथन
पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने भी प्रदेश कार्यसमिति को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बैठक के दौरान संगठनात्मक मजबूती और पार्टी की भविष्य की रणनीति को लेकर व्यापक चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से संगठन को आगे की दिशा तय करने में मदद मिलती है।
कई वरिष्ठ नेता कार्यसमिति में पहुंचे
सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी समेत कई वरिष्ठ नेता भी कार्यसमिति में शामिल हुए। नेताओं ने बैठक को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन आगामी चुनावों की तैयारियों में अहम भूमिका निभाएगा। दो दिनों तक चलने वाली इस विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप देने पर भी फोकस रहने की उम्मीद है।