Uttarakhand की 4 ‘अजेय’ सीटों पर भाजपा का फोकस, चुनाव से पहले बनाई खास रणनीति
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : Uttarakhand में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने उन विधानसभा सीटों पर विशेष फोकस शुरू कर दिया है, जहां पार्टी आज तक जीत हासिल नहीं कर सकी। राज्य के 26 वर्षों के राजनीतिक इतिहास में भाजपा ने लंबे समय तक सत्ता संभाली है, लेकिन चकराता, पिरान कलियर, मंगलौर और धारचूला जैसी चार सीटें अब भी उसके लिए चुनौती बनी हुई हैं। इस बार संगठन इन सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए अलग रणनीति पर काम कर रहा है।
पार्टी ने इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रदेश कोर कमेटी के वरिष्ठ सदस्यों की जिम्मेदारी तय कर दी है। बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, माइक्रो मैनेजमेंट मजबूत करने और प्रत्येक मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ और बूथ कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
भाजपा संगठन इन सीटों पर मजबूत और जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों के चयन के लिए आंतरिक सर्वे और स्थानीय समीकरणों का भी आकलन कर रहा है। साथ ही उन सीटों पर संभावित त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि चुनावी रणनीति उसी अनुरूप तैयार की जा सके।
इन चार सीटों के अलावा भाजपा भगवानपुर, हल्द्वानी और यमुनोत्री जैसी सीटों पर भी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है, जहां पार्टी को सीमित सफलता मिली है। संगठन का मानना है कि लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य को इन चुनौतीपूर्ण सीटों पर जीत के साथ और मजबूत बनाया जा सकता है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि संगठन ने ऐसी सीटों के लिए पहले से ही विशेष तैयारी शुरू कर दी है और सभी राजनीतिक समीकरणों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में इन क्षेत्रों में भाजपा के प्रति सकारात्मक माहौल दिखाई दे रहा है और पार्टी पूरी रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।