उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी, देहरादून और अन्य जिलों में अलर्ट जारी
स्वदेशी टाइम्स, देहरादून: देहरादून समेत टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मंगलवार को भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी बिजली चमकने और गर्जन के साथ तेज दौर की बारिश की संभावना है। आने वाले दिनों की बात करें 29 अगस्त तक प्रदेश में मौसम की यही स्थिति रहने के आसार हैं।
वहीं, हिमाचल में सोमवार को कांगड़ा, बिलासपुर, कुल्लू, हमीरपुर, मंडी, सिरमौर में भारी बारिश हुई। नूरपुर में बहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। बारिश-भूस्खलन के चलते मंडी-कुल्लू, मंडी-पठानकोट,और भरमौर-पठानकोट हाईवे समेत प्रदेश में 793 सड़कें बंद हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर के कठुआ में भूस्खलन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई।
