बिहार को मिलेगी नई सौगात, पीएम मोदी आज करेंगे कई परियोजनाओं का शुभारंभ
स्वदेशी टाइम्स, गयाजी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने बिहार दौरे पर गयाजी पहुंच चुके हैं, जहां वे मगध विश्वविद्यालय के कैंपस में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। इस जनसभा में वे बिहार के विकास के लिए 13,000 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इन योजनाओं से राज्य के विभिन्न हिस्सों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी बेगूसराय में एशिया के दूसरे सबसे चौड़े 6-लेन वाले औंटा-सिमरिया ब्रिज का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, बक्सर थर्मल पावर प्लांट और अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन होने जा रहा है। यह परियोजनाएं बिहार के औद्योगिक विकास और ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती प्रदान करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी की सभा में करीब 5 लाख लोगों के जुटने की संभावना है, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक बन सकता है। इसे लेकर जिले के सभी स्कूलों को आज बंद कर दिया गया है।
बेगूसराय के लिए रवाना होंगे
प्रधानमंत्री मोदी के गयाजी के दौरे के बाद, वे हेलिकॉप्टर से बेगूसराय के लिए रवाना होंगे। यहां वे गंगा नदी पर बने औंटा-सिमरिया 6-लेन केबल ब्रिज का निरीक्षण करेंगे साथ ही गंगा किनारे बने रिवर फ्रंट का भी दौरा करेंगे। यह ब्रिज न केवल बिहार की कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा, बल्कि यह राज्य के पर्यटन और परिवहन क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा।
