दहेज की मांग: ससुराल वालों ने बुलेट और दो लाख के लिए बहु को घर से निकाला, रिपोर्ट दर्ज

Spread the love

स्वदेशी टाइम्स, रामपुर: महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पति सहित छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्र के ग्राम ढक्का नगलिया लक्ष्मीनगर निवासी महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी वर्ष 2021 में विजय पुत्र चरन सिंह निवासी ग्राम रतनपुरा, थाना बाजपुर के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन उसके ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे। अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। जब महिला ने मांग पूरी नहीं की तो उसे 25 जनवरी को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। तब से वह मायके में रह रही है और गर्भवती है।

महिला का आरोप है कि पति और ससुरालियों ने उसकी एक वर्ष की दुधमुंही बच्ची को भी उससे छीन लिया है। घटना की रिपोर्ट लिखवाने थाने गयी, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। तब महिला ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।

एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने पति विजय, सास रीना, चचेरा ससुर मनफूल, चचेरी सास मिथलेश, चचेरी सास कविता, नंदोई विनोद और ननद सुरमेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *