ससुराल आया युवक अपनी नाबालिग साली को रात में भगा ले गया। 

स्वदेशी टाइम्स, बरेली: बरेली के शाही थाने में एक व्यक्ति ने अपने दामाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि ससुराल आया दामाद रात में उनकी नाबालिग बेटी को भगा ले गया।

बरेली के थाना शाही क्षेत्र में एक युवक अपनी नाबालिग साली को लेकर भाग गया। किशोरी के पिता की तहरीर पर शाही थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पीड़ित ग्रामीण ने बताया कि उन्होंने अपनी बड़ी बेटी की शादी दस साल पहले जिला रामपुर के एक गांव निवासी युवक के साथ की थी। 24 मई को रात में उसका दामाद घर आया था।

खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए। दामाद रात में किसी समय 15 साल की बेटी को ले गया। सुबह उठने पर उन्हें जानकारी हुई। पीड़ित पिता ने दामाद के परिजनों से शिकायत की तो उन्हें धमकाया गया। इसके बाद उसकी बड़ी बेटी को उसकी तीन पुत्रियों के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। तहरीर मिलने पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

प्रेम जाल में फंसाकर किशोरी को ले गया
बहेड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव से किशोरी को परिचित युवक प्रेम जाल में फंसाकर ले गया। थाना हाफिजगंज, रिठौरा के युवक हिमांशु की रिश्तेदारी बहेड़ी के एक गांव में है। इस बीच वह अक्सर वहां आता रहता था। एक किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर ले गया। किशोरी के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक हिमांशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया कि टीम गठित कर दी गई है। आरोपी की तलाश जारी है।

विवाहिता को पीटकर घर से निकालने का आरोप

शीशगढ़ थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति सहित चार लोगों पर दहेज सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। ग्राम ढकिया डाम निवासी महिला तरुन कुमारी ने बताया कि उनके पति सत्यपाल, ससुर विजयपाल, जेठ अजयपाल, देवर ऋषिपाल दहेज में वॉशिंग मशीन व 80 हजार रुपये नकद की मांग कर प्रताड़ित करते हैं। आरोप है कि मना करने पर उपरोक्त ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया।

दहेज के लिए विवाहित को घर से निकाला
भमोरा थाना क्षेत्र के गांव सिरसा विछुरैया निवासी नजराना पत्नी इरफान ने बताया कि उसकी विधवा मां ने चार साल पूर्व उसकी शादी की थी। उसके बाद से ससुराली बुलेट बाइक के लिए मारपीट करते थे। इस बीच उन्होंने दो पुत्रियां को जन्म दिया तो ससुराली नाराज हो गए। दो माह पूर्व घर से मारपीटकर निकाल दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि रविवार रात उसके मायके में पति इरफान के साथ तीन अज्ञात लोग घुस आए और मारपीट की। बचाने आए भाई कमल को भी पीटकर घायल कर दिया गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले में जांच कर रही है।