Uttarkashi के प्राचीन सोमेश्वर महादेव मंदिर का होगा पुनर्निर्माण, हाईकोर्ट ने 2 साल में काम पूरा करने की जताई उम्मीद

स्वदेशी टाइम्स , नैनीताल : उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक स्थित जखोल गांव के सदियों पुराने सोमेश्वर महादेव मंदिर को तोड़े जाने के मामले में नैनीताल हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। अदालत ने मंदिर के पुनर्निर्माण के आदेश देते हुए उम्मीद जताई है कि अगले दो वर्षों के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की खंडपीठ ने 28 नवंबर 2026 को इस मामले में दायर जनहित याचिका का निस्तारण किया।

अदालत ने कहा कि अप्रैल 2025 में एक मेले के बाद भीड़ द्वारा ऐतिहासिक मंदिर को गिराया जाना बेहद दुखद घटना है। कोर्ट ने इस पूरे मामले में जिला प्रशासन की उदासीनता को भी जिम्मेदार ठहराया।

मुख्य सचिव को पांच सदस्यीय समिति बनाने के निर्देश

हाईकोर्ट ने मंदिर के पुनर्निर्माण की योजना तैयार करने के लिए राज्य के मुख्य सचिव को पांच सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। इस समिति में पुराने मंदिरों के जीर्णोद्धार का अनुभव रखने वाले एक विशेषज्ञ आर्किटेक्ट, भूमि सुधार और सौंदर्यीकरण के लिए एक टाउन प्लानर, उत्तराखंड संस्कृति निदेशालय का वरिष्ठ ग्रुप-ए अधिकारी, मंदिर समिति का एक प्रतिनिधि और संबंधित एसडीएम शामिल होंगे।

यह समिति मंदिर के ऐतिहासिक स्वरूप और निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर पुनर्निर्माण की रूपरेखा तैयार करेगी।

एसडीएम की निगरानी में होगा मंदिर का निर्माण

अदालत ने स्पष्ट किया है कि मंदिर का पूरा पुनर्निर्माण कार्य संबंधित उपजिलाधिकारी (एसडीएम) की निगरानी में कराया जाएगा। इसके साथ ही एसडीएम को पुराने मंदिर से प्राप्त सभी कलाकृतियों और निर्माण सामग्री की विस्तृत सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इन सभी वस्तुओं को विधिवत रसीद लेकर मंदिर समिति को सौंपना होगा, ताकि पुराने मंदिर से जुड़ी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित रखी जा सके।

बिना सहमति जीर्णोद्धार को लेकर दायर हुई थी याचिका

दरअसल, हंस फाउंडेशन की ओर से सोमेश्वर महादेव मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जा रहा था। आरोप था कि इस कार्य में स्थानीय लोगों और मंदिर समिति को विश्वास में नहीं लिया गया। इसके विरोध में मंदिर समिति के सचिव रामलाल विश्वकर्मा ने नैनीताल हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी।

याचिकाकर्ता ने ऐतिहासिक मंदिर को तोड़े जाने से रोकने की मांग की थी। हालांकि, सुनवाई के दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और मंदिर समिति के अधिवक्ताओं ने अदालत को बताया कि 14 अप्रैल 2025 को मंदिर का पुराना ढांचा गिरा दिया गया था। याचिका लंबित होने के कारण पुनर्निर्माण का काम शुरू नहीं हो पाया।

अब हाईकोर्ट ने मामले का निस्तारण करते हुए मंदिर के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट के इस आदेश के बाद जखोल गांव के ऐतिहासिक सोमेश्वर महादेव मंदिर को दोबारा स्थापित करने का रास्ता साफ हो गया है।

You may have missed