Uttarakhand कांग्रेस में टिकटों को लेकर मंथन तेज, दीपा दास मुंशी कर रहीं नेताओं से वन-टू-वन मुलाकात
स्वदेशी टाइम्स , देहरादून : उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया को लेकर केंद्र से भेजी गई स्क्रीनिंग कमेटी लगातार बैठकें कर रही है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कमेटी की अध्यक्ष दीपा दास मुंशी और सदस्य पार्टी नेताओं के साथ-साथ चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से वन-टू-वन मुलाकात कर रहे हैं। इन बैठकों में नेताओं की राय और विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति को समझने पर जोर दिया जा रहा है।
दीपा दास मुंशी की कार्यशैली से बढ़ी नेताओं की उम्मीदें
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और चार्जशीट कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने स्क्रीनिंग कमेटी की प्रक्रिया को सकारात्मक बताया है। उन्होंने कहा कि कमेटी की अध्यक्ष दीपा दास मुंशी सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत रूप से समय दे रही हैं और उनकी बातों को गंभीरता से सुन रही हैं।
करन माहरा के मुताबिक, दीपा दास मुंशी ने पिछले दिन भी रात करीब साढ़े आठ बजे से पौने नौ बजे तक लगातार मुलाकातें कीं। वहीं, अगले दिन सुबह 11 बजे से भी उनकी मैराथन बैठकें जारी रहीं। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों के चयन जैसे महत्वपूर्ण फैसलों से पहले सभी नेताओं की राय सुनना जरूरी है।
सर्वे रिपोर्ट और जमीनी फीडबैक के आधार पर होगा फैसला
करन माहरा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों का चयन किसी एक नेता के दबाव या व्यक्तिगत राय के आधार पर नहीं होना चाहिए। स्क्रीनिंग कमेटी को हर विधानसभा क्षेत्र की वास्तविक स्थिति, स्थानीय जनता की पसंद और संभावित प्रत्याशियों की स्थिति को समझने के बाद ही निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष के पास अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की सर्वे रिपोर्ट भी उपलब्ध हैं। इन रिपोर्टों का अध्ययन करने के साथ नेताओं से मिलने वाले फीडबैक का मिलान किया जा रहा है। पहले कराए गए सर्वे को भी निर्णय प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है।
टिकट चयन में पारदर्शी प्रक्रिया की उम्मीद
करन माहरा के अनुसार, स्क्रीनिंग कमेटी जिस तरह सर्वे रिपोर्ट, नेताओं के सुझाव और जमीनी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है, वह पार्टी के लिए अच्छा संकेत है। केवल किसी एक नेता की बात पर भरोसा करने के बजाय सभी पहलुओं का आकलन किया जा रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रक्रिया से विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत प्रत्याशियों का चयन करने में मदद मिलेगी और पार्टी को बेहतर परिणाम हासिल हो सकते हैं।