Azam Khan को कोर्ट से झटका, न्यायिक हिरासत में भेजे गए; 26 नवंबर को होगी अगली सुनवाई
स्वदेशी टाइम्स , गाजियाबाद : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार दिन की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया। अब आजम खान डासना जेल में रहेंगे। मामले की अगली सुनवाई 26 नवंबर को निर्धारित की गई है।
रिमांड खत्म होने से पहले कोर्ट पहुंची ED
आजम खान की चार दिन की ईडी रिमांड 16 नवंबर को शाम 4:30 बजे पूरी हो रही थी। इससे करीब पांच घंटे पहले ही प्रवर्तन निदेशालय की टीम उन्हें लेकर गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत पहुंच गई। यहां उन्हें जज के सामने पेश किया गया।
बता दें कि अदालत ने 12 नवंबर को ईडी को आजम खान से पूछताछ के लिए चार दिन की कस्टडी रिमांड दी थी। यह रिमांड 12 नवंबर शाम 4:30 बजे से 16 नवंबर शाम 4:30 बजे तक के लिए मंजूर की गई थी। कोर्ट ने पूछताछ के दौरान कुछ शर्तें भी निर्धारित की थीं।
शिवपाल यादव ने जेल पहुंचकर की थी मुलाकात
इससे पहले गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत ने 1 नवंबर को आजम खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था। इसके बाद उन्हें गाजियाबाद की डासना जिला जेल में रखा गया था।
आजम खान से मुलाकात करने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव भी जेल पहुंचे थे। मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने आरोप लगाया था कि आजम खान को राजनीतिक और धार्मिक आधार पर प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका कहना था कि गरीबों के लिए विश्वविद्यालय बनवाने और मुस्लिम होने की वजह से आजम खान को निशाना बनाया जा रहा है।
क्या है आजम खान पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला?
प्रवर्तन निदेशालय ने आजम खान और उनके कथित सहयोगियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से दर्ज 58 एफआईआर के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया है।
ईडी का आरोप है कि सार्वजनिक कार्यों के लिए आवंटित सरकारी धन का इस्तेमाल रामपुर में निजी जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में किया गया। इसी मामले की जांच के तहत केंद्रीय एजेंसी ने कार्रवाई की है।
1,170 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच करने का दावा
ईडी ने 28 अक्टूबर को जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ी जमीन और इमारतों को अटैच किया था। केंद्रीय एजेंसी के मुताबिक, इन संपत्तियों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1,170 करोड़ रुपये है।
फिलहाल चार दिन की पूछताछ के बाद आजम खान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 26 नवंबर को होगी।