देहरादून में रईसजादों की कार रेस ने ली सिक्योरिटी गार्ड की जान, फॉर्च्यूनर की टक्कर के बाद स्कॉर्पियो ने कुचला

स्वदेशी टाइम्स, देहरादून : वसंत विहार थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कारों की कथित रेस के दौरान एक सिक्योरिटी गार्ड की जान चली गई। बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो के बीच रेस लग रही थी। इसी दौरान फॉर्च्यूनर ने साइकिल सवार गार्ड को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद पीछे से आ रही स्कॉर्पियो उन्हें कुचलते हुए निकल गई। हादसे में गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के साले की शिकायत पर पुलिस अज्ञात कार चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

नाइट शिफ्ट में साइकिल से कर रहे थे गश्त

पुलिस के मुताबिक, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मीठीबेरी निवासी 55 वर्षीय विनोद मल्ल पिछले करीब तीन साल से एलायंस सिक्योरिटी में गार्ड के पद पर कार्यरत थे। बुधवार 11 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह रोजाना की तरह वसंत विहार थाना क्षेत्र में एफआरआई के पास साइकिल से गश्त कर रहे थे।

फॉर्च्यूनर की टक्कर के बाद स्कॉर्पियो ने कुचला

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई फॉर्च्यूनर ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। तभी पीछे से आ रही स्कॉर्पियो उनके ऊपर चढ़ गई। हादसे में विनोद मल्ल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर वसंत विहार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

अज्ञात कार चालकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। 12 नवंबर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, मृतक के साले ने वसंत विहार थाने में शिकायत दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए विनोद मल्ल

विनोद मल्ल अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने लापरवाही से तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

एसपी सिटी देहरादून शेखर सुयाल के मुताबिक, मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।